Ajit Pawar Plane Crash Reason: अजित पवार का प्लेन कैसे हुआ क्रैश? लैंडिंग के वक्त क्या चूक हुई? सभी 5 की मौत
Ajit Pawar Plane Crash Reason: महाराष्ट्र के बारामती में 28 जनवरी की सुबह जो हुआ, उसने पूरे देश को सन्न कर दिया। NCP नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा प्राइवेट चार्टर्ड विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। कुछ ही सेकंड में विमान रनवे से फिसला, नियंत्रण खोया और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया। इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कहा है कि हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है।
लैंडिंग के दौरान कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह विमान मुंबई से बारामती पहुंचा था। जैसे ही प्लेन ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की, वह रनवे से बाहर निकल गया। एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि लैंडिंग के समय विमान संतुलन नहीं बना पाया और साइड में फिसलते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, लैंडिंग के वक्त विमान से असामान्य तेज आवाज आ रही थी और कुछ ही पल बाद जोरदार धमाके के साथ आग लग गई।

पूरी तरह जल गया चार्टर्ड विमान
हादसे के बाद प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि बचाव का कोई मौका नहीं मिला। पुणे ग्रामीण पुलिस और प्रशासन ने साफ कर दिया कि विमान में सवार किसी भी व्यक्ति के जीवित बचने की संभावना नहीं थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका किसी फिल्मी सीन जैसा था और मलबा चारों ओर फैल गया।
#WATCH | Crash landing in Baramati | Baramati, Maharashtra: An eyewitness at the spot says, "I saw it with my eyes. This is really painful. When the aircraft descended, it seemed it would crash, and it did crash. It then exploded. There was a massive explosion. After that, we… pic.twitter.com/fBQplnxHON
— ANI (@ANI) January 28, 2026
क्रैश लैंडिंग के चश्मदीद की जुबानी, कहा- 'वाकई बहुत दर्दनाक मंजर था'
मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया,
"मैंने यह सब अपनी आंखों से देखा। यह वाकई बहुत दर्दनाक था। जब विमान नीचे आ रहा था, तभी लग रहा था कि यह क्रैश हो जाएगा और कुछ ही पल में वह हादसे का शिकार हो गया। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरा इलाका दहल गया। धमाके के बाद हम लोग तुरंत यहां दौड़कर पहुंचे तो देखा कि विमान आग की लपटों में घिरा हुआ था। इसके बाद विमान के अंदर फिर 4-5 बार और धमाके हुए। धीरे-धीरे और लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने विमान से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई भी मदद नहीं कर पाया। विमान में अजित पवार भी सवार थे। यह हमारे लिए बेहद पीड़ादायक है। इस मंजर को शब्दों में बयां करना मेरे लिए मुमकिन नहीं है।"

कौन-कौन थे विमान में सवार?
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार के साथ उनके पर्सनल असिस्टेंट, सुरक्षाकर्मी, पायलट और को-पायलट विमान में मौजूद थे। Learjet 45 मॉडल के इस विमान की कुल क्षमता छह लोगों की थीं। हादसे में मारे गए 5 लोगों में अजित पवार (उपमुख्यमंत्री), एचसी विदिप जाधव (अजित के निजी सुरक्षा अधिकारी), कैप्टन सुमित कपूर (पायलट), कैप्टन शांभवी पाठक (पायलट) और पिंकी माली (फ्लाइट अटेंडेंट) थीं।
#WATCH | Crash landing in Baramati | Five people onboard the Mumbai-Baramati charter plane, including Maharashtra Deputy CM Ajit Pawar, died as per initial information by the DGCA.
Visuals from the spot show the wreckage of the aircraft. pic.twitter.com/GMmwrZwR0M
— ANI (@ANI) January 28, 2026
DGCA का बयान: हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कहा है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक बारामती में हुए इस विमान हादसे में विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा है। DGCA के मुताबिक, अजित पवार के साथ विमान में दो अन्य लोग मौजूद थे, जिनमें एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) और एक अटेंडेंट शामिल था। इसके अलावा विमान में दो क्रू मेंबर भी सवार थे, जिनमें पायलट-इन-कमांड (PIC) और फर्स्ट ऑफिसर (FO) शामिल थे।
यह Learjet 45 कैटेगरी का विमान था, जिसे VSR एविएशन द्वारा ऑपरेट किया जा रहा था। DGCA ने साफ किया है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी व परिचालन से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
चुनावी कार्यक्रम के लिए जा रहे थे अजित पवार
अजित पवार बारामती में महाराष्ट्र पंचायत और जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे। इसी कार्यक्रम के लिए वे चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे थे। हादसे की खबर मिलते ही पवार परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी सुनेत्रा पवार, सांसद सुप्रिया सुले और अन्य परिजन बारामती के लिए रवाना हो गए। शरद पवार और सुप्रिया सुले भी दिल्ली से सीधे बारामती पहुंचे।

हादसे की वजह पर क्या कह रही जांच एजेंसियां
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय DGCA ने हादसे में मौतों की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक दुर्घटना के सटीक कारण पर कोई अंतिम बयान नहीं आया है। शुरुआती तौर पर लैंडिंग के समय तकनीकी खराबी, रनवे ओवरशूट या मानवीय चूक जैसे पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर लैंडिंग के वक्त ऐसा क्या हुआ, जिसने इस भयावह हादसे को जन्म दिया।
DGCA की प्रारंभिक घटना रिपोर्ट के अहम बिंदु
- तारीख: 28.01.2026
- ऑपरेटर: VSR
- विमान का प्रकार: लियरजेट 45
- विमान पंजीकरण संख्या: VT-SSK
- स्थान: बारामती एयरपोर्ट
- विमान में सवार लोग: 5 (क्रू समेत)
- घटना का विवरण: बारामती में लैंडिंग के दौरान विमान की क्रैश लैंडिंग हुई। हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
यह खबर महाराष्ट्र की राजनीति ही नहीं, पूरे देश के लिए एक बड़ा झटका है। जांच के नतीजों पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications