Ajit Pawar Plane Crash: CBI सुलझाएगी अजित पवार के मौत की गुत्थी, CM फडणवीस बोले-सवालों के जवाब मिलना जरूरी
Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र की राजनीति में 'चाणक्य' कहे जाने वाले अजित पवार की एक विमान हादसे में 28 जनवरी 2026 को हुई मृत्यु के बाद से ही राज्य का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। अब इस मामले में एक बड़ा मोड़ आया है।
अजित पवार की मौत के करीब एक महीने बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने का फैसला लिया है। यह फैसला तब आया है जब न केवल विपक्षी दल, बल्कि खुद अजित पवार का परिवार और उनकी पार्टी (NCP) लगातार इस हादसे के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जता रहे हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार 22 फरवरी को आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि राज्य सरकार इस हादसे की सीबीआई (CBI) जांच के लिए केंद्र से सिफारिश कर रही है।
Ajit Pawar Plane Crash CBI Investigation पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने क्या कहा?
22 फरवरी को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा अजित दादा की मृत्यु से हम सब गहरे दुख में हैं। फिलहाल नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और राज्य की CID इस मामले की जांच कर रहे हैं। लेकिन जिस तरह से सवाल उठाए जा रहे हैं और लोगों के मन में जो जायज शक पैदा हो रहे हैं, उनके जवाब मिलना जरूरी है। इसलिए हम इस मामले की सीबीआई जांच करवाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि सुरक्षा और जवाबदेही का सवाल इसलिए भी बड़ा है क्योंकि खुद वे और देश के कई अन्य बड़े नेता VSR वेंचर्स (हादसे का शिकार हुए विमान की कंपनी) के एयरक्राफ्ट का अक्सर इस्तेमाल करते रहे हैं।
VSR Ventures Safety Audit पर परिवार और भतीजे के संगीन आरोप
अजित पवार की मृत्यु को लेकर सबसे पहले उनके भतीजे और विधायक रोहित पवार ने मोर्चा खोला था। उन्होंने इसे केवल एक दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए कई तकनीकी सवाल खड़े किए। रोहित पवार ने 21 फरवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि यह एक राजनीतिक या व्यावसायिक साजिश हो सकती है।
VSR कंपनी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विमान में अतिरिक्त ईंधन टैंक रखे गए थे और कंपनी के सेफ्टी रिकॉर्ड्स में गड़बड़ी थी। अजित पवार के बेटे जय पवार और पार्थ पवार के साथ-साथ उनकी पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।
Ajit Pawar Plan Crash में अब तक की जांच में क्या निकला?
ब्लैक बॉक्स: विमान का डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) सुरक्षित है और उसे जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। हालांकि, वॉयस रिकॉर्डर के क्षतिग्रस्त होने की खबरें भी आई थीं। हादसे के बाद DGCA ने VSR वेंचर्स के सभी विमानों का 'स्पेशल ऑडिट' शुरू किया है और 13 अलग-अलग मानकों पर जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विमान (Learjet 45) विदेशी निर्मित था इसलिए जांच एजेंसियां अब विदेशी विशेषज्ञों की भी मदद ले रही हैं। 2026 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इस तरह की घटना और फिर उस पर सीबीआई जांच की मांग ने महाराष्ट्र की सियासत को पूरी तरह बदल दिया है। जहां शरद पवार ने शुरुआत में इसे एक दुर्घटना बताया था वहीं अब पूरी एनसीपी एक सुर में जांच की मांग कर रही है।
अजित पवार केवल एक नेता नहीं बल्कि महाराष्ट्र के प्रशासन की धुरी थे। उनके विमान का बारामती रनवे के इतने करीब आकर क्रैश हो जाना और आग लग जाना कई अनसुलझे सवाल छोड़ गया है। सीबीआई जांच से उम्मीद है कि यह साफ हो पाएगा कि यह तकनीकी खराबी थी, मानवीय चूक या फिर कोई सोची-समझी साजिश।












Click it and Unblock the Notifications