आप 83 साल के हो गए हैं, क्या आप कभी रुकेंगे? अजित पवार ने चाचा शरद का उड़ाया मजाक
महाराष्ट्र में सियासत मे उठापटक जारी है। अजित पवार के बीजेपी सरकार-एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में जाते ही चाचा एनसीपी प्रमुख शरद पवार से रिश्ते खट्टे नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो चुकी है।
महाराष्ट्र के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री अजित पवार(Ajit Pawar) ने बुधवार को अपने चाचा और एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर कटाक्ष किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में चाचा को अपने राजनीतिक करियर से कुछ आराम लेने के लिए कहा। अजित पवार ने कहा कि आप 83 साल के हैं, क्या आप कभी रुकेंगे? मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि अब आराम करें।
अजीत पवार ने यह भी बताया कि जब एकनाथ शिंदे ने 2019 में उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया था, तब शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सभी विधायक बीजेपी से हाथ मिलाना चाहते थे। विधायकों ने एक पत्र पर हस्ताक्षर किए, जिसमें बीजेपी के साथ गठबंधन करने के उनके इरादे की पुष्टि की गई।

2017 की राजनीतिक घटनाक्रम पर डाली रोशनी
अजित पवार ने कहा कि 2017 में एनसीपी ने बीजेपी से हाथ मिलाने की कोशिश की थी। लेकिन, भगवा पार्टी ने शिवसेना को छोड़ने से इनकार कर दिया था। 2017 में, हमें शरद पवार ने पोर्टफोलियो बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए देवेंद्र फडनवीस, चंद्रकांत पाटिल के साथ चर्चा करने के लिए कहा था। उस वक्त मैं, सुनील तटकरे और जयंत पाटिल उपस्थित थे।
दिल्ली में पवार साहब ने बीजेपी आलाकमान से मुलाकात की। बीजेपी ने उनसे कहा कि वे शिवसेना को नहीं छोड़ेंगे और तीन दलों की सरकार बनाने को कहा। अजित पवार ने कहा कि पवार साहब सहमत नहीं हुए और उन्होंने कहा कि हम शिवसेना के साथ सरकार नहीं बनाएंगे।
मुझे खलनायक क्यों बनाया जा रहा?
अजित पवार ने कहा कि शरद पवार खेमे ने 2017 में शिवसेना को जातिवादी पार्टी कहा। 2019 में उनके साथ सरकार बनाई। मुझे नहीं पता कि मुझे खलनायक क्यों बनाया जा रहा है। अजित पवार ने कहा कि पार्टी का नेतृत्व करने के लिए नए लोगों को मौका देना चाहिए।
नए लोगों को मौका दें
अजित पवार ने आगे कहा कि अन्य पार्टियों में नेता एक उम्र के बाद रिटायर हो जाते हैं। आपको भी नए लोगों को मौका देना चाहिए। अगर हम कुछ गलतियां करते हैं तो हमें बताएं। आपकी उम्र 83 साल है, क्या आप कभी रुकेंगे या नहीं? आप हमें आशीर्वाद दें। अपनी चचेरी बहन और सांसद सुप्रिया सुले का नाम लिए बिना अजित पवार ने कहा कि क्या यह हमारी गलती है कि हम एक शक्तिशाली परिवार में पैदा नहीं हुए?
शरद पवार के इस्तीफे की पेशकश पर उठाया सवाल
2 मई को शरद पवार के एनसीपी से इस्तीफा देने और दो दिन बाद फैसला वापस लेने पर सवाल उठाया। पूछा कि 2 मई को उन्होंने कहा कि मैं पद छोड़ दूंगा और प्रफुल्ल पटेल, जयंत पाटिल, अनिल देशमुख, भुजबल, मुश्रीफ आदि के तहत एक समिति बनाऊंगा। उस समय वह सुप्रिया सुले को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहते थे। हम इसके लिए भी तैयार थे। अगर आप इस्तीफा वापस लेना चाहते थे तो आपने पहले ही इस्तीफा क्यों दिया?












Click it and Unblock the Notifications