NCP Political Crisis: चुनाव आयोग पहुंचे अजित पवार, NCP पार्टी चिह्न पर ठोका दावा
महाराष्ट की राजनीति में उथल पुथल लगातार जारी है। कभी अजित पवार गुट कुछ दावे कर रहा तो कभी शरद पवार गुट कुछ दावे कर रहा है। लेकिन इस बीच एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। वह यह कि अजित पवार ने एनसीपी पार्टी चिह्न पर दावा ठोकने के लिए चुनाव आयोग में याचिका डाल दी है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भारतीय चुनाव आयोग को अजित पवार की ओर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और पार्टी चिह्न पर दावा करने वाली याचिका मिली है। आयोग को जयंत पाटिल से भी एक चेतावनी मिली है कि उन्होंने 9 विधायकों के खिलाफ अयोग्यता प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पार्टी का चुनाव चिह्न हमारे पास है, वह कहीं नहीं जाएगा: शरद पवार
एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि पार्टी का चुनाव चिह्न हमारे पास है, वह कहीं नहीं जायेगा. जो लोग और पार्टी कार्यकर्ता हमें सत्ता में लाए, वे हमारे साथ हैं।
सुप्रिया सुले ने बिना नाम लिए अजित पवार पर बोला हमला
एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बिना नाम लिए अजित पवार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमारा अनादर करें, लेकिन हमारे पिता शरद पवार का नहीं करें। यह लड़ाई भाजपा सरकार के खिलाफ है। भाजपा देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। सुप्रिया सुले ने कहा कि वास्तविक एनसीपी शरद पवार के साथ है और हमलोग उसके असली नेता हैं।
अजित पवार ने शरद पवार को फिर बताया अपना गुरु
अजित पवार ने एक बार फिर से शरद पवार को अपना गुरु बताया है। उन्होंने कहा कि देश में आज जिस तरह की राजनीति हो रही है उसे देखने की जरूरत है। हम एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यकों के लिए काम करना चाहते हैं और इसके लिए हमारा कदम सही है।












Click it and Unblock the Notifications