Ajit Pawar Antim Sanskar: आज कहां होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार? कब और कौन देगा मुखाग्नि?
Ajit Pawar Funeral Details: महाराष्ट्र की राजनीति का 'अजेय योद्धा' विमान हादसे में हार गया। डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान बुधवार की सुबह बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस भीषण हादसे में डिप्टी सीएम समेत विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई है।
अजित पवार के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक निवास, बारामती के काटेवाड़ी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम विदाई से पहले सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए खेतों के पास समतलीकरण का कार्य किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की कोई बाधा न आए। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं।

अजित पवार को कौन देगा मुखाग्नि?
अजित पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और दो बेटे हैं। उनके बड़े बेटे का नाम पार्थ पवार है और छोटे बेटे का नाम जय पवार है। हिंदू रीति-रिवाजों और पारिवारिक परंपरा के अनुसार, बड़ा बेटा होने के नाते पार्थ पवार ही अपने पिता के अंतिम संस्कार की मुख्य रस्मों को निभाएंगे और उन्हें मुखाग्नि देंगे।
कब और कहां होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार?
अजित पवार का अंतिम संस्कार आज यानि 29 जनवरी को किया जाएगा। सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव काटेवाड़ी (बारामती) में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। राजकीय प्रोटोकॉल के तहत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
DGCA की जांच और हादसे की भयावहता
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, बुधवार सुबह 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय चार्टर्ड प्लेन (Learjet 45XR) क्रैश हो गया। विमान में सवार अजित पवार, उनके एक पीएसओ, एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर्स समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई।
चुनावी रैली के लिए जा रहे थे 'दादा'
यह दुखद हादसा उस वक्त हुआ जब अजित पवार जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर चार बड़ी जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। उन्होंने मंगलवार को ही मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक में हिस्सा लिया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री फडणवीस से फोन पर बातचीत कर हादसे का अपडेट लिया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में छह बार उपमुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले 'दादा' की विदाई पर आज बारामती का हर कोना गमगीन है।












Click it and Unblock the Notifications