Ajit Pawar Demise: मुंबई नहीं इस शहर में बसता था अजित पवार का दिल, ये 5 बड़ी सौगात दे बनाया हाईटेक सिटी
Ajit Pawar Demise: अजित पवार महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रहते ज्यादा वक्त मुंबई में बिताते थे लेकिन उनका पसंदीदा शहर पुणे ही था। इस शहर को उन्होंने कई बड़ी सौगात दी थी। महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी पहचान प्रशासनिक अनुभव और विकास पर फोकस रखने वाले नेता के तौर पर होती थी। पुणे शहर को मेट्रोपॉलिटन बनाने और आईटी सिटी के तौर पर विकसित करने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
यही वजह है कि पुणे के विकास के लिए उन्होंने कई ऐसी योजनाओं को आगे बढ़ाया, जिन्होंने शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाई। अजित पवार को पुणे को एक वर्ल्ड क्लास सिटी और प्लांड शहर के तौर पर विकसित करने के लिए याद किया जाता है।

Ajit Pawar Demise: पुणे शहर को दी ये 5 बड़ी सौगात
उपमुख्यमंत्री और पुणे के पालक मंत्री के रूप में उन्होंने 2024-2025 के दौरान शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देने वाली कई बड़ी परियोजनाओं को गति दी।
पुणे रिंग रोड परियोजना
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए लगभग 170 किलोमीटर लंबी पुणे रिंग रोड योजना को आगे बढ़ाया गया। इस परियोजना के लिए ₹25,000 करोड़ से अधिक का बजट प्रस्तावित किया गया है। कहा जाता है कि यह अजित पवार की महत्वाकांक्षी परियोजना थी।
पुणे मेट्रो फेज-2 का विस्तार
अजित पवार के प्रयासों से पुणे मेट्रो के दूसरे चरण को मंजूरी मिली। ₹9,897 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना में खड़कवासला-स्वारगेट-हडपसर-खराड़ी और नल स्टॉप-वारजे जैसे नए कॉरिडोर शामिल हैं, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।
नए नगर निगमों का गठन
तेजी से शहरीकरण को देखते हुए हिंजेवाड़ी, चाकण और फुरसुंगी-उरुली देवाची क्षेत्रों के लिए नए नगर निगम बनाने की योजना घोषित की गई, ताकि नागरिक सुविधाएं बेहतर हो सकें।
पुणे को 'नेशनल ग्रोथ हब' बनाने का विजन
आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में पुणे को राष्ट्रीय स्तर का केंद्र बनाने का खाका तैयार किया गया। बानेर में टाटा समूह के सहयोग से शुरू हुआ स्किल हब हर साल करीब 7,000 युवाओं को प्रशिक्षण देगा।
रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और पर्यावरण पहल
मुला-मुठा नदी के रिवरफ्रंट डेवलपमेंट को गति दी गई, साथ ही 'मियावाकी' पद्धति से शहरी वन विकसित कर पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया।
Ajit Pawar Demise: पीएम-सीएम समेत दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
पुणे के विकास में अजित पवार की भूमिका को शहर हमेशा एक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विजन के रूप में याद रखेगा। बारामती प्लेन हादसे में उनके निधन ने राजनीतिक दिग्गजों को सकते में डाल दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र के लिए समर्पित नेता थे। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी उन्हें अपना मित्र और बड़ा भाई बताते हुए प्रदेश मेंकिय तीन दिनों के राजकीय शोक का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications