अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत, राजनीतिक जगत में छाया मातम, सत्ता और विपक्षी नेताओं ने जताया दुख
Leaders reaction on Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की 28 जनवरी को प्लेन हादसे में दुखद मौत हो गई है। भीषण विमान दुर्घटना तब हुआ जब अजित पवार मुंबई से बारामती आ रहे थे। बारामती हवाई अड्डे के पास लैंडिंग के दौरान छोटे से विमान में तकनीकी खराबी आई और वह खेत में जा गिरा और आग के गोले में तब्दील हो गया।
अजित पवार के निधन पर राजनीतिक जगत में मातम छा गया है। महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी भूमिका, उनका अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। आज राजनीति से ऊपर उठकर हर दिल शोक में है-सत्ता और विपक्ष, दोनों की आंखें नम हैं। अजित पवार की मौत पर गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंंदे के अलावा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने दुख जताया है।

गृह मंत्री ने अजित पवार के निधन पर लिखी ये भावुक पोस्ट
गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, 'आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NDA के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है।' शाह ने पवार के निधन को एनडीए परिवार के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत क्षति भी बताया।
शाह ने अजित पवार के योगदान को किया याद
अमित शाह ने अजित पवार के योगदानों को याद करते हुए कहा कि बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, 'वे जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे।' गृह मंत्री ने पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अजित पवार के निधन पर जताया दुख
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के असामयिक निधन पर कई अन्य नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बारे में जानकर मैं गहरे सदमे में हूं और दुखी हूं।' उन्होंने पवार के लंबे सार्वजनिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य किया। सिंह ने उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत दादा को याद कर हुए भावुक
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को 'काला दिन' बताया है। अजित पवार को याद करते हुएकहा, "हम दादा के सही-सलामत बाहर आने के लिए दुआ कर रहे थे। उनकी पर्सनालिटी खुले दिल की थी, हर कार्यकर्ता उन्हें चाहता था। आज महाराष्ट्र पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।प्रशासन पर उनकी अच्छी पकड़ थी, और उन्हें बारामती से खास लगाव था। उद्धव ठाकरे सरकार में उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कैबिनेट तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। वे राज्य के वित्तीय आधार और शिक्षा क्षेत्र में भी सक्रिय थे।
संजय राउत ने हैरानी जताई कि अजित पवार ने शरद पवार के बिना राजनीति शुरू की, पर कभी सोचा नहीं था इसका अंत ऐसे होगा। उन्होंने चैनल पर अजित पवार के काम से जुड़ा एक वीडियो देखने का जिक्र किया और बताया कि वे प्रभावशाली ढंग से बोलने में माहिर थे।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने जताया दुख
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इस घटना को 'बहुत ही चौंकाने वाली, दुखद और हृदयविदारक' बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके और पवार के बीच मतभेद रहे, 'लेकिन हमने साथ मिलकर काम किया। वह वास्तव में एक निष्ठावान व्यक्ति थे, जो अपने कार्य के प्रति समर्पित थे।' चतुर्वेदी ने पवार परिवार और बारामती के लाखों लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कीं।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने जताया दुख
शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने अजित पवार को 'साहसी व्यक्ति' कहा और बारामती क्षेत्र के विकास में उनके बड़े योगदान को सराहा। उन्होंने पूरे पवार परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के सांसद एन. के. प्रेमचंद्रन ने हादसे को 'बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद' करार दिया। उन्होंने कहा, 'हमें अभी विवरण की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए हमें रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए और देखना चाहिए कि वास्तव में क्या हुआ।'
प्रेमचंद्रन ने इसे 'चौंकाने वाला और बेहद दुखद' बताते हुए इस घटना की जांच की आवश्यकता पर बल दिया। NCP-SCP के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री, अनिल देशमुख, अजित पवार के निधन की खबर सुनकर भावुक हो गए और रो पड़े।
केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने टिप्पणी की कि अजित पवार ने महाराष्ट्र की राजनीति में अपना एक अलग स्थान बनाया था। उन्होंने कहा, 'यह उनके परिवार और राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति का समीकरण बदल जाएगा।'
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने जताया दुख
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने विमान हादसे से जुड़ी जानकारी को 'बेहद दुखद और परेशान करने वाली' बताया। वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने इसे 'बहुत दुखद खबर' करार देते हुए कहा, 'ईश्वर उनकी रक्षा करें।' केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस क्षति को 'सामाजिक और राजनीतिक दोनों ही क्षेत्रों के लिए बेहद दुखद घटना' बताया, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने जताया दुख
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने अजित पवार के विमान हादसे की खबर सुनकर खुद को स्तब्ध बताया। उन्होंने कहा, 'अभी मैं भगवान से प्रार्थना कर रहा हूं क्योंकि मुझे अभी तक उनकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी नहीं मिली है। मुझे बताया गया है कि उन्हें घायल अवस्था में चार्टर्ड विमान से मुंबई ले जाया गया। हम सब उनकी कुशलता की कामना कर रहे हैं।' राजपूत ने इस हादसे की हर पहलू से जांच की मांग करते हुए कहा, 'कहीं यह कोई साजिश तो नहीं थी और यह हादसा कैसे हुआ।'
कुमारस्वामी ने अजित पवार के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की
केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने अजित पवार के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे 'बहुत चौंकाने वाली और दुखद खबर' बताया। उन्होंने पवार के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस 'ऊर्जावान नेता' के आकस्मिक निधन को 'बेहद दुखद' करार दिया और उनके परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं।
यूपी डिप्टी सीएम ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अजित पवार के निधन की खबर को 'वास्तव में दुखद' बताया। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर इस समय उनके परिवार और पार्टी सदस्यों को शक्ति प्रदान करें और कहा कि वे इस कठिन घड़ी में पवार परिवार के साथ खड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications