Nashik में अफ्रीकी स्वाइन फीवर का खौफ, 9 सुअरों की हुई मौत, क्या इंसानों को भी है खतरा?
Nashik African Swine Fever: महाराष्ट्र के नासिक में अफ्रीकी स्वाइन फीवर को लेकर खौफ बढ़ गया है। इस फीवर को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अफ्रीकी स्वाइन फीवर से नासिक में 9 सुअरों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने दिश-निर्देश जारी किया है।
इसके अलावा स्वाइन फ्लू के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पशुपालन और डेयरी विभाग के जिला डिप्टी कमिश्नर प्रशांत धर्माधिकारी ने बताया कि नासिक महानगरपालिका क्षेत्र में एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के पास मौजूद नौ सूअरों की मौत हो गई थी। उनके पोस्टमार्टम के बाद सैंपल जांच के लिए कोंकण भेजे गए थे। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि वे अफ्रीकी स्वाइन फीवर से संक्रमित थे।
इस रिपोर्ट के बाद कलेक्टर ने अधिसूचना जारी कर सभी को सतर्क रहने की सलाह दी। प्रभावित स्थल के एक किलोमीटर के दायरे को 'प्रभावित क्षेत्र' घोषित किया गया है, जबकि तीन किलोमीटर के दायरे में निगरानी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि 21 नवंबर को पशुपालन के डिप्टी कमिश्नर और रैपिड एक्शन टीम ने प्रभावित इलाके का दौरा किया था, लेकिन वहां सभी सूअर मृत पाए गए। इसके बाद पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया गया। निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित स्थान पर अगले तीन महीने तक कोई सूअर न रखा जाए।
सैंपल एकत्र करने के लिए टीम ने एक किलोमीटर के दायरे में छानबीन की, लेकिन वहां कोई जीवित सूअर नहीं मिला। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सूअर बीमार या बीमार जैसी अवस्था में दिखे तो तुरंत इसकी सूचना दें।
वार्ड सदस्यों को भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई मृत सूअर मिले तो तत्काल अधिकारियों को सूचित करें, ताकि सैंपल लेकर मौत का कारण पता लगाया जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं वह भी अफ्रीकी स्वाइन फीवर से संक्रमित तो नहीं था।
क्या इंसानों को भी है खतरा?
यह वायरस घरेलू और जंगली सूअरों को प्रभावित करता है, जिसमें संक्रमित सूअरों की मृत्यु दर 100 प्रतिशत तक हो सकती है। हालांकि, यह इंसानों के लिए खतरा नहीं है, लेकिन इसका सूअरों की आबादी और कृषि अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। यह वायरस कपड़े, जूते, वाहनों के पहियों और अन्य सामग्री पर जीवित रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications