'महाराष्ट्र में रामराज नहीं, रावणराज है', आदित्य ठाकरे सीएम एकनाथ शिंदे को ठाणे में चुनौती देने को तैयार
महाराष्ट्र की राजनीति में गर्मी बढ़ती जा रही है। अब उद्धव ठाकरे की पार्टी अपने नेताओं पर हमले के खिलाफ प्रदर्शन को मजबूर हुई है। वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना पर गंभीर आरोप लगा रही है।

महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उद्धव ठाकरे गुट के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। अब उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने सीधे सीएम शिंदे पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री की अयोध्या यात्रा की योजना पर भी तंज कसते हुए कहा है कि महाराष्ट्र में रावणराज चल रहा है, इसलिए उन्हें अयोध्या जाने का कोई अधिकार नहीं है।
गर्भवती महिला पर हमला किया गया- आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे ने सत्ताधारी शिवसेना पर आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी की महिला मोर्चे की प्रमुख रोशनी शिंदे पवार पर एक फेसबुक पोस्ट के लिए कल हमला किया गया है। उनका कहना है कि वह महिला गर्भवती हैं। पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे ने यह भी आरोप लगाया है कि मौजदूा शिवसेना-बीजेपी गठबंधन की सरकार के दौरान राज्य में किसानों की आत्महत्याएं बढ़ गई हैं और महिलाओं के खिलाफ हिंसा में भी बढ़ोतरी हुई है।
'ये रावणराज है, रामराज नहीं है'
आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया है कि "जिस राज्य में लॉ एंड ऑर्डर इतना खराब हो, जिस राज्य में किसान आत्महत्या कर रहे हों, जिस राज्य में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हों, ये हिंदुत्व का राज नहीं, ये रावणराज है, वैसे ही लगने लगा है ये रामराज नहीं है और इन्हें अयोध्या जाने का कोई अधिकार नहीं बनता है।" गौरतलब है कि शिंदे ने इसी हफ्ते अपने मंत्रियों और पार्टी नेताओं के साथ अयोध्या जाने का ऐलान कर रखा है।
ठाणे से सीएम शिंदे के खिलाफ लड़ने को तैयार-ठाकरे
उधर ईटी ऑनलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक आदित्य ठाकरे ने बुधवार को ऐलान किया है कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ मुंबई से सटे ठाणे से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'ठाणे से एकनाथ शिंदे के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं।'
शिवसेना के खिलाफ उद्धव की पार्टी कर रही है प्रदर्शन
आदित्य ठाकरे और उनकी शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) पार्टी की महिला नेता पर हुए कथित हमला करने वालों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगा रहे हैं और इसी को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। आरोप है कि रोशनी शिंदे पवार पर शिवसेना के समर्थकों ने सोशल मीडिया पोस्ट के लिए हमला किया है।
आदित्य ठाकरे अपने पिता की कैबिनेट में मंत्री रहने की वजह से काफी चर्चित हैं और वह बाल ठाकरे परिवार के पहले ऐसे सदस्य हैं, जो चुनावी राजनीति में कूदे थे और विधानसभा का चुनाव जीता था।
#WATCH | Maharashtra: Our women's wing chief was attacked yesterday over a Facebook post. She is pregnant. Farmers' suicide, violence against women have increased in the state. This is not a Hindutva state, it's a Ravana regime state: Aditya Thackeray (Uddhav Thackeray faction) pic.twitter.com/J9A9asWbdk
— ANI (@ANI) April 5, 2023












Click it and Unblock the Notifications