'छवि धूमिल करने की कोशिश, कोर्ट में दूंगा जवाब' दिशा सालियान के पिता के आरोपों पर बोले आदित्य ठाकरे
Disha Salian: सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के पांच साल बाद उनके पिता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दिशा के पिता सतीश ने शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। अब इस मामले में शिवसेना नेता (यूबीटी) आदित्य ठाकरे की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आदित्य ठाकरे ने कहा, 'पिछले पांच सालों से मेरी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। अब यह मामला कोर्ट में है, तो मैं अपना पक्ष कोर्ट में रखेंगे। हम (आरोपों पर) कोर्ट में अपना जवाब देंगे।' उन्होंने आगे कहा कि इस देश की बेहतरी के लिए मेरी लड़ाई जारी रहेगी।

इतना ही नहीं, देवेंद्र फडणवीस सरकार पर निशाना साधते हुए इस आदित्य ठाकरे ने 'ध्यान भटकाने की चाल' बताया। ठाकरे ने कहा, 'वे सिर्फ मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। कभी औरंगजेब का मुद्दा उठाया जाता है, तो कभी कोई और। यह सब मुझे बदनाम करने की साजिश है।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिशा के पिता सतीश सालियान ने अपने वकील अभिषेक मिश्रा के जरिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में दिशा सालियान की मौत की नए सिरे से जांच कराने की मांग उठाई है। उन्होंने याचिका में आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और इस मामले की जांच CBI को सौंपने की मांग की गई है।
दिशा के पिता सतीश सालियान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'याचिका में दावा किया गया कि उनकी बेटी के साथ रेप के बाद उसकी हत्या की गई थी।' इस दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए साजिश रची गई और मामले को छुपाया गया।
इस बीच, महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने पूर्ववर्ती महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार पर दिशा सालियान की मौत के तथ्यों को छिपाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। साथ ही, विश्वास जताते हुए कहा कि अदालत में सच्चाई सामने आ जाएगी। नितेश राणे ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि हमारे विधायक अमीत साटम ने आज सदन में यह मुद्दा उठाया।
पूरा इतिहास बताया गया कि सब कुछ कैसे हुआ। यह मामला महा विकास अघाड़ी सरकार के दौरान हुआ, इसे कैसे छुपाया गया, कैसे सीसीटीवी फुटेज गायब कर दी गई, कैसे डॉक्टरों पर दबाव बनाया गया। दिशा के पिता ने आरोप लगाया है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बदल दी गई।
14वीं मंजिल से गिरकर हुई थी दिशा सालियान की मौत
दिशा सालियान की मौत 8 जून, 2020 को हुई थी, जब वह मलाड की एक बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिर गई थी। पुलिस ने शुरू में इसे एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) के रूप में दर्ज किया। छह दिन बाद, 14 जून को, बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने कथित तौर पर अपने बांद्रा अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली।












Click it and Unblock the Notifications