40 विधायक जिंदा लाश, पोस्टमार्टम के लिए सीधे भेजेंगे विधानसभा: संजय राउत
नई दिल्ली, 26 जून। शिवसेना के बागी विधायक गुवाहाटी के एक होटल में ठहरे हैं। वहीं मुंबई में शिवसेना प्रवक्ता ने पार्टी से बगावत करने वाले सभी 40 विधायकों को जिंदा लाश बता डाला। उन्होंने कहा कि उन सभी विधायकों की आत्माएं मर चुकी हैं जो शिवसेना से बगावत कर रहे हैं। वे जानते हैं यहां जो आग लगी है उसका क्या हो सकता है?

महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट बना हुआ है। गुवाहाटी के एक होटल में शिंदे ग्रुप के शिवसेना से बगावत करने वाले विधायक डेरा डाले हुए हैं। इस बीच शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने बागी विधायकों के लिए कठोर शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा 'गुवाहाटी में 40 विधायक जिंदा लाश हैं, उनकी आत्माएं मर चुकी हैं। उनके वापस आने पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीधे विधानसभा भेजा जाएगा। वे जानते हैं कि यहां जो आग लगी है उसका क्या हो सकता है।'
वहीं रांकपा सुप्रीमो शरद पवार ने कहा कि शिंदे के साथ शिवसेना के सभी वो विधायक एनसीपी के साथ सरकार में पिछले ढाई वर्षों से रहे लेकिन उन्हें कोई समस्या नहीं हुई। आज ही ये सब क्यों हो रहा? पवार ने कहा कि वो अंतिम समय तक सीएम उद्धव ठाकरे का समर्थन करेंगे।
दरअसल शिवसेना के बागी विधायक पार्टी से अलग होने की बातों से इनकार कर रहे हैं। लेकिन उनकी मांग ये है कि शिंदे ग्रुप को अलग पहचान दी जाए। उनका कहना है सीएम उद्धव ठाकरे शिवसेना की विचारधारा से हटकर काम कर रहे हैं। जबकि बागी विधायकों ग्रुप बालासाहब के विचारों को पूरी तरह मानता है।












Click it and Unblock the Notifications