'मैं गोल्डी बरार हूं, दो दिन में तुम्हारा खेल खत्म', कांग्रेस विधायक असलम शेख को मिली जान से मारने की धमकी
कांग्रेस विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री असलम शेख को जान से मारने की धमकी मिली है। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बरार बताया। फोन करने वाले ने कहा कि मैं गोल्डी बरार हूं, मैं दो दिन में असलम शेख को गोली मारने वाला हूं। यह जानकारी मुंबई पुलिस ने साझा की है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, असलम शेख को जान से मारने की धमकी के मामले में मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) और 507 के तहत मामला दर्ज किया और आगे की जांच शुरू कर दी।

सलमान खान को भी मिली थी धमकी
असलम शेख के निजी सहायक और वकील विक्रम कपूर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 5 अक्टूबर को शेख के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को गोल्डी बरार बताया और शेख के बारे में पूछा। गोल्डी बराड़ उर्फ सतिंदरजीत सिंह एक भगोड़ा कनाडाई गैंगस्टर है, जो जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है। इससे पहले उसने बॉलीवुड स्टार सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस को सौंपे गए कॉलर के दो नंबर
एफआईआर के मुताबिक, कपूर ने कहा कि फोन करने वाले ने कहा कि मैं गोल्डी बराड़ बोल रहा हूं। मैं असलम शेख को गोली मारकर दो दिन में उड़ने वाला हूं। यह बात असलम शेख को बताओ। शिकायतकर्ता ने कॉल करने वाले के दो नंबर पुलिस को सौंपे हैं।
बांगोर नगर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
वकील विक्रम कपूर की शिकायत के बाद, बांगोर नगर पुलिस ने दो मोबाइल नंबरों के पंजीकृत उपयोगकर्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) और 507 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने फोन नंबर उपलब्ध कराने वाली कंपनी को पत्र लिखकर इस संबंध में ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications