युवतियों व महिलाओं ने विदिशा कोर्ट परिसर में गवाही देने से रोकने पर वकील को पीटा
विदिशा, 27 अगस्त। मध्य प्रदेश के विदिशा कोर्ट परिसर में शुक्रवार को दंगल हुआ। एक वकील पर महिलाओं व युवतियों के लात, घूंसे जमकर चले। उसे चप्पलों से भी पीटा गया। मारपीट के साथ साथ वकील के कपड़े भी फाड़ दिए गए। उस पर गवाही देने से रोकने का आरोप है। वहीं, वकील ने महिलाओं व युवतियों पर षड़यंत्रपूर्वक हमला करने और आंख पर स्प्रे करने का आरोप लगाया है।

पूरे मामले में टीआई सिविल लाइन कमलेश सोनी का कहना है कि व्यापारी दीपक जैन और एडवोकेट भागचंद के बीच पुराना विवाद चल रहा था। उसे मामले में शुक्रवार को विदिशा कोर्ट में पेशी थी। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर के सामने कुछ युवतियों और युवकों ने एडवोकेट भागचंद के साथ मारपीट कर दी। भागचंद न्यायालय परिसर में भागकर खुद को बचाया। बाद में मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई। इधर, दूसरा पक्ष भी सिविल लाइन थाने पहुंचा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एडवोकेट भागचंद ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में एक महिला को दीपक जैन ब्लैकमेल कर रहा था। उस केस में भागचंद ने सहयोग किया था। उसकी वजह से दीपक व भागचंद में रंजिश चल रही थी। उसी के चलते हमला किया गया।
उधर, दूसरे पक्ष की युवती का कहना है कि वह बयान देने कोर्ट आई थी। भागचंद ने उन्हें रास्ते में रोका लिया। उसने मारपीट की। बहन के पेट में लात मारी। वह लंबे समय से हमें परेशान कर रहा है। बार-बार गवाही देने से रोकता है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामला दर्ज करने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications