दो जुड़वा बच्चों की कब्र से निकलेगी लाश...! मौत के बाद पुलिस को बिना बताए क्यों दफनाया? हैरान कर देगी ये कहानी
Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से दो जुड़वा बच्चों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। यहां 4 माह के जुड़वा भाई-बहन की पानी के ड्रम में डूबने से मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए दोनों बच्चों के शवों को कब्रिस्तान में दफना दिया है।
घटना माणकचौक थाना इलाके में स्थित मदीना कॉलोनी क्षेत्र की है। जहां रहने वाले एक शख्स ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी है। मकान मालिक ने बताया कि मेरे मकान की ऊपरी मंजिल पर मेरे समाज का आमिर कुरैशी अपनी पत्नी पम्मी के साथ किराये पर रहता है। उनके दो जुडवां बच्चे भी थे।

बुधवार को जब मेरी पत्नी घर पर थी, उसने मुझे बताया कि हमारे यहां पम्मी अपने बच्चों हसन व फातिमा के साथ जब घर के अन्दर थी तभी अचानक उसकी जोर-जोर से रोने की आवाज आने लगी, वह कह रही थी मेरे बच्चे हसन एवं फातिमा दोनों पानी के ड्रम में डूब गए हैं।
दोपहर करीब ढाई बजे उसका पति आमिर अपने दोस्त बिलाल के साथ आया और उन्होंने बच्चों को पानी के ड्रम में से निकालकर देखा, तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आमिर और बिलाल दोनों बच्चों को लेकर अपने पिता के घर कुरैशी मण्डी शैरानीपुरा रतलाम चले गए। जहां उन्होंने दोनों बच्चों को शैरानीपुरा कब्रिस्तान में दफना दिया।
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मृत बच्चों के पिता को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बीते दो साल से इस मकान में किराए से रह रहा है। इसी दौरान चार महीने पहले उनके घर जुड़वां बच्चों ने जन्म लिया था। जिनमें से एक लड़की और एक लड़का था।
आमिर ने आगे कहा, दिन में जब उसकी पत्नी बच्चों को लेकर पानी के ड्रम के पास खड़ी थी, तभी बच्चे पानी के ड्रम में गिर गए और पत्नी भी वहीं बेहोश होकर गिर गई। होश में आने के बाद पत्नी ने अपने पति को पूरी जानकारी दी है उसके बाद जब पति घर पहुंचा तो दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।
घटना को लेकर रतलाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि, पुलिस को एक युवक द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि 4 माह के दो बच्चों की ड्रम में डूबने से मौत हो गई है। जानकारी पर हमने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications