बजरंग दल नेता की हत्या के बाद भारी बवाल, विदिशा में कर्फ्यू जारी
शहर की सड़कों पर भारी संख्या में उतरे विहिप और बजरंग दल के समर्थकों ने की हिंसा और आगजनी। सोमवार को कर्फ्यू जारी।
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में बजरंग दल नेता की हत्या के बाद रविवार को भारी बवाल हुआ। हिंसा और आगजनी की घटना के बाद शहर में शांति-व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया। यह कर्फ्यू दूसरे दिन सोमवार को भी जारी है।

बजरंग दल नेता की शहर में दिनदहाड़े हत्या
विदिशा में बजरंग दल के नगर संयोजक दीपक कुशवाह की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 6 लोगों ने शनिवार की दोपहर में बजरंग दल नेता को घेरकर उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला करके घायल कर दिया। हॉस्पिटल में जख्मी दीपक की मौत हो गई।

नेता की हत्या के बाद शहर में हिंसा
बजरंग दल नेता की मौत की खबर मिलते ही परिजन और समर्थकों ने शहर में बवाल काटना शुरू कर दिया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भारी संख्या में सड़कों पर उतर आए और हिंसा व आगजनी करने लगे, बाजार को बंद करवाने लगे।
हत्या के विरोध में समर्थकों ने ट्रक, कार, ऑटो, मकान और दुकानों को आग में झोंक दिया। हिंसक भीड़ को काबू करने पहुंची एसटीएफ और पुलिसकर्मियों पर लोगों ने पथराव किया और दौड़ा लिया। हिंसा में कुछ पुलिसवाले भी घायल हुए हैं।
भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और जब हालात पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका तो शहर में शांति-व्यवस्था बहाल करने के लिए प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया। विदिशा में बाजार बंद हैं और शहर की सड़कों पर भारी मात्रा में सुरक्षाबल गश्त कर रहे हैं।
किसने किया बजरंग दल नेता पर हमला?
पुलिस इस हत्याकांड की जांच में लगी हुई है। इस हत्या में 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, उनमें से 11 को हिरासत में लिया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी दीपक के मोहल्ले के हैं। उनसे दीपक का झगड़ा चल रहा था। पुलिस को शक है कि रंजिश के तहत आरोपियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।












Click it and Unblock the Notifications