Video: मध्य प्रदेश में बैल बना दूल्हा और गाय बनी दुल्हन, जानिए क्यों करते हैं अनोखा शिव विवाह?
अनोखी शादी: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यह शादी इंसानों का नहीं, बल्कि पशुओं के बीच कराई गई है। इस शादी में बैल दूल्हा बना तो गाय को दुल्हन की तरह सजाया गया। शादी के दौरान होने वाली सारी रस्में निभाई गईं। बैल की बारात शहर में धूमधाम से निकाली गई। हजारों लोग इस अनोखी शादी के साक्षी बने।
अनोखी शादी खरगोन के महेश्वर में संपन्न हुई है। यहां शिव विवाह के नाम पर बैल और गाय की शादी रचाई गई। महाराष्ट्र के धुलिया, जलगांव के 50 गांवों के भरवाड़ समाज और मालधारी समाज द्वारा हजारों की संख्या में (बैल) नंदकिशोर को दूल्हा बनाकर शादी के लिए महेश्वर लाया गया। यहां दुल्हन नंदिनी (गाय) से बैल का विवाह कराया गया।

बारात लेकर आए बारातियों ने दूल्हे को बैंड-बाजे और डीजे के साथ धूमधाम से पूरे महेश्वर नगर की गलियों में घुमाया। महेश्वर की दुल्हन नंदिनी (गौ) के साथ दूल्हे नंदकिशोर (बैल) निवासी दैवद कारखाना तालुका शिरपुर जिला धुलिया का विवाह संपन्न हुआ।
जानकारी अनुसार दूल्हा-दुल्हन दोनो की उम्र 12 महीने है। इस विवाह को लोगों ने शिव विवाह नाम दिया है। लोगों का कहना है कि इस तरह का विवाह क्षेत्र में पहली बार देखा गया।
बताते चलें नगर के प्राचीन वृद्ध कालेश्वर मंदिर में विगत 5 दिसंबर से लक्ष्मीनारायण महायज्ञ चल रहा है, जिसकी आज पूर्णाहुति दी जाएगी। इसी महायज्ञ के दौरान यह गौ विवाह संपन्न हुआ है। विवाह के पहले मामेरा का आयोजन कराया गया था। गुजरात के श्रद्धालुओं ने गौ माता को भेंट में एक लाख 11 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण भेंट किए हैं। विवाह के दौरान लक्ष्मीनारायण यज्ञ जारी रहा।












Click it and Unblock the Notifications