MP News: मंत्री सिंधिया की जनसुनवाई में एक मजदूर की अनोखी मांग, शराब की कीमतें कम करने की अपील
MP News: शिवपुरी जिले के कोलारस में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जनसुनवाई के दौरान एक मजदूर ने ऐसा आवेदन पेश किया, जो सुर्खियों में आ गया है।
जेल रोड निवासी नन्हे यादव ने शराब की कीमतें घटाने के लिए सिंधिया से अनुरोध किया। उनका कहना था कि वे मजदूरी करते हैं और दिन भर की थकान के बाद रात में शराब का सहारा लेते हैं, ताकि वे आराम से सो सकें। हालांकि, शराब की कीमतें अधिक होने के कारण उनकी आधी मजदूरी इस पर खर्च हो जाती है, जिससे परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो जाता है।

नन्हे यादव ने आवेदन में लिखा कि महंगी शराब के कारण मजदूरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है, और इस स्थिति में उनका जीवन स्तर गिरता जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से यह मांग की कि शराब की कीमतें कम करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जाएं, ताकि मजदूर वर्ग को राहत मिल सके और वे बेहतर तरीके से अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।
इस आवेदन के वायरल होने के बाद कई लोग इसे लेकर चर्चाओं में आ गए हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। नन्हे यादव ने स्पष्ट किया कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत मांग नहीं है, बल्कि उन्होंने कोलारस क्षेत्र के अन्य मजदूरों की भी चिंता जाहिर की है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को अपने चार दिवसीय दौरे के तहत कोलारस में जनता दरबार लगा रहे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। मंत्री ने अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश दिए और यह भी कहा कि अब लोगों को परेशानी नहीं होगी, क्योंकि सरकार उनके पास आ रही है। सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि अब सरकार जनता के पास जाएगी, न कि जनता को सरकार के पास जाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications