बुंदेलखंड: केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्र में भाजपा की किरकिरी, पार्षदी तक नहीं जिता पाए, पढ़िए खबर
सागर, 21 जुलाई। पीएम नरेंद्र मोदी की टीम में बुंदेलखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे दो केंद्रीय मंत्रियों के इलाके में भाजपा कि किरकिरी हो गई, वह भी ऐसे दौर में जब मोदी-शिवराज की लहर चल रही है। बुंदेलखंड के दमोह और टीकमगढ़ जिला मुख्यालय की नगर पालिकायें व आसपास की नगर परिषदें पार्टी के हाथ से फिसल गईं। जनता ने यहां कांग्रेस और निर्दलीयों पर भरोसा जताया है, यहां खंडित जनादेश सामने आया है।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री प्रहलाद पटेल के लोकसभा क्षेत्र दमोह और केंद्रीय समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक के लोकसभा क्षेत्र टीकमगढ़ इलाके में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पडा है। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने अपने इलाके में दिन-रात एक कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार-प्रचार किया था, बावजूद इसके मतदाताओं ने इनको नकार दिया और केंद्रीय मंत्रियों का जादू भी वोटरों पर नहीं चल सका।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के दमोह लोकसभा क्षेत्र से दमोह नगर पालिका में 39 वार्ड से भाजपा महज 14 पार्षद जिता सकी, कांग्रेस यहां 17 पर तो टीएसएम निर्दलीय 7 सीटें जीत गए। यहां कांग्रेस और निर्दलीय मिलकर नगर सरकार बनाने जा रहे हैं। इसी प्रकार हटा, पथरिया नगर परिषदें भी भाजपा के हाथ से निकल गईं। इधर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक के लोकसभा क्षेत्र की टीकमगढ़ नगर पालिका, जिले की कई नगर परिषदों में भाजपा को खंडित जनादेश मिला है।
मंत्री पटेल ने ट्वीट कर कहा खंडित जनादेश शिरोधार्य
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने दमोह और जिले की कुछ अन्य निकायों में भाजपा की हार को लेकर ट्वीट कर कहा है कि जनता ने खंडित जनादेश दिया है, इसे वे शिरोधार्य करते हैं। कम खर्चे में चुनाव का यह अच्छा उदाहरण हैं। यह आत्म चिंतन का समय है।












Click it and Unblock the Notifications