Uma Bharti: मॉडल शराब नीति बनी है, सरकार का अभिनंदन हो, अब लागू कराना प्रशासन की जिम्मेदारी
उमा भारती ने सागर में गढ़ाकोटा में सामूहिक विवाह सम्मेलन में शिकरत कर वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। मंच से बोलीं कि गोपाल भार्गव ने कहा था, बिन्ना आपके मन की शराब नीति बन गई है, अब उपद्रव मत करना, मैंने गांठ बांध ली है।

भाजपा की फायर ब्रांड लीडर और पूर्व मुख्यमंत्री उमाश्री भारती (Uma Bharti) शनिवार को सागर के गढ़ाकोटा में अलग ही अंदाज में नजर आई। उन्होंने कहा कि मैं मप्र सरकार द्वारा लाई गई नई शराब नीति से बहुत खुश हूं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि इन्होंने कहा था कि बिन्ना अब तुम्हाए मन की शराब नीति बन गई है, अब उपद्रव मत करना। मैं इनकी गहरी बात को गांठ बांध लेती हूं... बता दें कि गढ़ाकोटा में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान योजना के तहत आयोजित विवाह सम्मेलन के मंच से बोल रहीं थीं।

उमा भारती ने कहा कि मध्य प्रदेश में नई शराब नीति (New Liquor Policy) लागू करने के लिए सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अभिनंदन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना काम कर दिया है। यह बहुत बड़ी घटना है, सरकार का जितना अभिनंदन किया जाए वह कम है। अब विधायकों, सांसदों, जिला प्रशासन और कलेक्टर की जिम्मेदारी है कि इसको ठीक तरीके से लागू कराएं। उमा भारती ने कहा कि यदि कोई शराब पीकर गाड़ी चलाते मिले तो उस पर कार्रवाई जरूर होना चाहिए, चाहे वह कोई भी या किसी का भी बेटा क्यों न हो! उन्होंने शराब नीति के प्रस्ताव को कैबिनेट में लाने के पहले की बात बताते हुए कहा कि मैंने अपनी पार्टी और सरकार के कई मंत्रियों को पहले ही बोल दिया था, कि जब कैबिनेट में प्रस्ताव आए तो आप लोग देखना कि जैसी मंशा जताई गई है, नीति वैसी ही लाई जाए। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार की शराब नीति लागू होने के बाद मप्र में 2500 से अधिक अहाते बंद हुए हैं, जो खुले आसमान के नीचे या शराब दुकानों के साथ में चल रहे थे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव का नाम लेकर कहा कि मैं उन्हें अपना भाई मानती हूं। उन्होंने कहा था कि बिन्ना (बहन) अब आपके मन के मुताबिक शराब नीति बन गई है, अब उपद्रव मत करना। मैंने उनकी बात को गांठ बांध लिया है।

यदि शराब दुकान का विरोध तो दूरी की कोई मर्यादा नहीं
उमा भारती ने नई शराब नीति पर खुलकर बात करते हुए कहा कि सरकार ने नई शराब नीति में यह प्रावधान किया है कि यदि किसी शराब दुकान का जनता में विरोध है तो उसमें दूरी की मर्यादा का नियम लागू नहीं होगा। यह जिम्मेदारी कलेक्टर की होगी कि वे जांच कराकर, विधायक, सांसद से बात कर उस दुकान को जनभावनाओं के अनुरुप अन्य जगह शिफ्ट करा सकते हैं।

गोपाल भार्गव मुझे गौरीकुंड केदारनाथ से वापस लाए थे: उमा भारती
उमा भारती ने 2004 के पहले के संस्मरण पर बात करते हुए बताया कि वे संन्यास लेकर गौरीकुंड केदारनाथ पहुंच गई थी। उस दौरान गोपाल भार्गव वहां मुझे लेने आए थे। उनका कहना था कि यदि मप्र में कांग्रेस सरकार को कोई उखाड़ सकता है तो वह आप हैं। कई और भी भाजपा के नेता आए थे। मैंने भार्गवजी को आश्वासन दिया था कि आप जाइए, मैं नवरात्र के बाद मप्र वापस आ जाउंगी। मैं वापस और प्रचंड बहुमत से मप्र में भाजपा की सरकार बनाई थी।
गोपाल भार्गव देश में एकमात्र व्यक्ति, जो खुद के लिए वोट मांगने नहीं जाते
उमा भारती ने मुख्यमंत्री सामुहिक कन्यादान विवाह योजना में वर-वधुओं को भगवान लक्ष्मी नारायण का स्वरुप बताते हुए उन्हें मंच से प्रणाम किया और कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज आप लोगों के बीच हैं। उन्होंने कहा कि गोपाल भार्गव को साधारण नहीं बल्कि असाधारण व्यक्ति हैं। पूरे देश में वे इकलौते नेता, विधायक और मंत्री हैं जो चुनाव में खुद के लिए वोट मांगने नहीं जाते। उनका मानना है कि यदि मैंने जनता के लिए कुछ काम किया है तो वे मुझे वोट जरूर देंगे। उन्होंने खुद के लिए वोट न मांगने का प्रण किया है। उन्होंने यूपी में अपने चरखारी और झांसी विधानसभा चुनाव और गोपाल भार्गव से जुड़े संस्कमरण भी मंच से साझा किए।
उमा भारती ने अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बताया
उमा भारती ने अपनी हाई शुगर की बीमारी को लेकर खुलकर बात करते हुए बताया कि मैं अपनी बीमारी छुपाती नहीं हूं। कोरोना संक्रमण के बाद मुझे हाई शुगर हो गया है। इसके बाद में ज्यादा चल नहीं पाती, ज्यादा सफर नहीं कर पाती। थक जाती हूं। बावजूद इसके भैया गोपाल भार्गव के आमंत्रण पर आई हूं। डॉक्टरों ने कहा है कि थोड़ा समय जरूर लगेगा, लेकिन ठीक हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications