छब्बीस साल बाद बेटों ने लिया पिता की हत्या का खौफनाक बदला
शिवपुरी में दो बेटों ने छब्बीस साल बाद अपने पिता की हत्या का लिया बदला
शिवपुरी, 18 जुलाई। शिवपुरी में दो बेटों ने छब्बीस साल बाद अपने पिता की हत्या का खौफनाक बदला लिया है। दोनों बेटों ने पिता की हत्या करने वाले शख्स के बेटे की पत्थर से कुचलकर दर्दनाक हत्या कर दी। खास बात ये रही कि पुलिस ने शुरुआत में मृतक के परिजनों के कहने पर अन्य दस लोगो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी लेकिन जांच होने पर पूरे मामले का खुलासा हो गया।

दस जुलाई की रात को सुरेन्द्र सिंह की हुई थी हत्या
दाबरअली गांव के रहने वाले सुरेन्द्र सिंह की दस जुलाई की रात को हत्या कर दी गई थी। सुरेन्द्र सिंह अपने गांव दाबरअली से अपने बच्चों के पास करैरा जा रहे था। रास्ते में अज्ञात लोगों ने सुरेन्द्र को रोक लिया और सुरेन्द्र की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।
मृतक सुरेन्द्र की पत्नी ने चुनावी रंजिश बताकर गांव के दस लोगो पर कराया मामला दर्ज
मृतक सुरेन्द्र सिंह की पत्नी ने दाबरअली गांव से सरपंची का चुनाव लड़ा था। यह चुनाव सुरेन्द्र की पत्नी हार गई थी। सुरेन्द्र की मौत के बाद मृतक की पत्नी ने गांव के ही दस लोगो पर जमीनी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया था।
पुलिस जांच में हुआ मामले का खुलासा
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरु की तो पता लगा कि दस में से एक भी आरोपी हत्या में शामिल नहीं था। इसके बाद पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि सुरेन्द्र का कत्ल पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। पुलिस जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने सुरेन्द्र के कत्ल के आरोप में दो सगे भाईयों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्थर से कुचलकर की गई थी सुरेन्द्र की हत्या
पुलिस ने बताया कि पकड़े आरोपियों ने सुरेन्द्र की हत्या पत्थर से कुचलकर की थी। आरोपियों ने सुरेन्द्र की हत्या करने से पहले उसकी रैकी भी की थी। आरोपियों ने सुरेन्द्र के सिर को पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे।
छब्बीस साल बाद लिया पिता की हत्या का बदला
सुरेन्द्र की हत्या करने वाले आरोपियों के नाम रिंकू तोमर और छोटू तोमर बताए गए है। रिंकू और छोटू ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर सुरेन्द्र की हत्या की थी। पुलिस ने बताया कि रिंकू और छोटू के पिता रामप्रकाश तोमर की हत्या कर दी गई थी। 14 बीघा जमीन के लिए सुरेन्द्र के पिता लक्ष्मण सिंह ने ही रिंकू और छोटू के पिता का कत्ल कर दिया था। उस वक्त रिंकू और छोटू बच्चे थे। बचपन से ही दोनों भाई इंतकाम की आग में सुलग रहे थे। मौका मिलते ही दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लक्ष्मण सिंह के बेटे सुरेन्द्र की हत्या करके अपने पिता की मौत का बदला ले लिया। पुलिस ने रिंकू और छोटू समेत उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications