मऊगंज में आदिवासी परिवार ने युवक को बंधक बनाकर पीटा, पुलिस बचाने पहुंची तो किया हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आदिवासी परिवार ने एक युवक को बंधक बनाकर पीटा, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस उसे बचाने पहुंची। लेकिन पुलिस पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
कैसे हुई घटना?
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में अशोक कुमार आदिवासी की मौत हो गई थी। हालांकि, मृतक के परिवार ने इसे हादसा मानने से इनकार कर दिया और गांव के ही सनी द्विवेदी पर हत्या का आरोप लगाया।

होली के दिन, शाम करीब 4 बजे, गुस्साए आदिवासी परिवार ने सनी द्विवेदी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने जब इस घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारतीय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस पर हमला, कई घायल
जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची और कमरे को खुलवाया, तो उन्होंने देखा कि युवक सनी द्विवेदी की मौत हो चुकी थी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस आरोपियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हमले में शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारतीय, हनुमना तहसीलदार कुंवारे लाल पनिका, एएसआई बृहस्पति पटेल, एएसआई राम चरण गौतम, एसडीओपी अंकिता सूल्या और 25वीं बटालियन के जवान जवाहर सिंह यादव समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिसकर्मी की इलाज के दौरान मौत
घायलों को बचाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल बुलाया गया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए मऊगंज के सिविल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एएसआई राम चरण गौतम ने दम तोड़ दिया।
गांव में धारा 144 लागू, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हमले के दौरान एसडीओपी अंकिता सूल्या और एसआई आरती वर्मा ने खुद को गांव के एक घर में बंद कर लिया था। स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और फायरिंग करते हुए पुलिस गांव में दाखिल हुई। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में धारा 144 लागू कर दी है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल को गांव में तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद पुलिस ने गांव में दबिश देकर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रसना ठाकुर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications