अब नकली सरसों भी हो गई तैयार, देख कर रह जाएंगे हैरान
अशोक नगर में अनाज मंडी में नकली सरसों बेचने आए व्यापारी को खरीदारी कर रहे व्यापारियों ने पकड़ा, नकली सरसों की जब्त
अशोकनगर, 11 जून। ग्वालियर चंबल अंचल नकली दूध, घी और मावा के लिए पहले से ही बदनाम है अब ऐसे में मार्केट में नकली सरसों भी आ गई है। जी हां सुनकर आपको थोड़ी से हैरान जरूर होगें, लेकिन हम जो आपको बताने जा रहे हैं उसे देखकर आप चौंक जाएंगे। अब मार्केट में नकली सरसों भी आ गई है और ऐसा ही एक मामला अशोकनगर में सामने आया है।

अशोकनगर की अनाज मंडी में नकली सरसों बेचने के लिए एक व्यक्ति पहुंचा था। सरसों की बोली लगाते वक्त खरीदारी कर रहे व्यापारियों को सरसों देखकर कुछ शंका हुई। व्यापारियों ने जब सरसो के दानों को पत्थर से तोड़ कर देखा तो दाने के अंदर से सफेद रंग का पाउडर निकलने लगा।

सरसों की खरीदी करते वक्त व्यापारी मनोज ने सरसों की गुणवत्ता चेक की। सरसों को जब मनोज ने अपने हाथों में लेकर देखा तो उसे सरसों के दाने काफी अजीब लगे। इसके बाद मनोज ने अपने अन्य व्यापारियों को भी वह सरसों दिखाई। व्यापारियों ने जब सरसों के दानों को पत्थर से तोड़ कर द्खा तो सरसों के दानों के अंदर से सफेद पाउडर निकला। इसके बाद व्यापारियों ने सरसों बेचने आए धर्मेंद्र जैन को पकड़ लिया और मंडी के गार्ड के हवाले कर दिया।
धर्मेंद्र बोला उसने मोहरी रोड पर से खरीदी है सरसों
नकली सरसों बेचने आए धर्मेंद्र को पकड़कर जब व्यापारियों ने पूछताछ की तो धर्मेंद्र बताया कि वह फुटकर व्यापारी है और मोहरी रोड पर छोटे स्तर पर अनाज की खरीदारी करने का काम करता है। धर्मेंद्र ने बताया कि सरसों भी उसने वहीं से खरीदी थी। ₹6000 प्रति क्विंटल के हिसाब से उसने यह सरसों खरीदी थी। उसे खुद नहीं मालूम था कि यह सरसों नकली है।
मंडी समिति ने जब्त कर ली सरसों
नकली सरसों होने की खबर मंडी समिति तक भी पहुंची। इसके बाद मंडी समिति ने नकली सरसो को जब्त कर लिया। मंडी समिति के प्रभारी सचिव भागीरथ अहिरवार ने इस मामले में बताया कि फिलहाल माल जब्त कर लिया गया है लेकिन चुनाव में ड्यूटी होने की वजह से अभी सरसो को चेक नहीं किया है। सरसों की जांच करवाई जाएगी।
नकली दूध, घी, मावा और पनीर के बाद अब सरसों में बन रही है नकली
ग्वालियर चंबल अंचल में नकली दूध, घी, मावा और पनीर का कारोबार बड़े पैमाने पर किया जाता है। पुलिस प्रशासन और खाद विभाग की टीम द्वारा लगातार इन नकली खाद्य पदार्थों को पकड़ने की कार्यवाही भी की जाती रही है, लेकिन यह पहला मामला है जब नकली सरसों लोगों को देखने को मिली है। नकली सरसों के बारे में सुनकर हर कोई हैरान है कि आखिर नकली सरसों कैसे तैयार कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications