चीतों की वजह से यहां के लोग बन गए करोड़पति, चमक गई किस्मत
श्योपुर में कूनो नेशनल पार्क में चीते आने की खबर के बाद यहां के मोरावन रोड़ पर अचानक जमीन की कीमत बढ़ गई है
श्योपुर, 7 सितंबर। चीतों की आने की खबर से ही श्योपुर के कई किसान करोड़पति बन गए हैं। चीतों के आने की जानकारी मिलते ही किसानों की किस्मत भी चमक गई है या यूं कहिए कि चीतों ने किसानों को करोड़पति बना दिया है। आप सोच रहे होंगे कि भला चीतों ने किसानों को करोड़पति कैसे बना दिया तो आइए हम आपको बताते हैं कि चीतों का किसानों के करोड़पति बनने से आखिर क्या कनेक्शन है।

कूनो नेशनल पार्क में चीतों को लाने की घोषणा ने बदली किस्मत
पिछले दिनों श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीतों को लाने की घोषणा की गई थी। इसकी जानकारी जंगल में आग की तरह फैल गई। यह खबर जब लोगों को लगी तो अचानक से मोरावन रोड़ पर जमीन की कीमत आसमान छूने लगी क्योंकि यहां पर जमीन खरीदने के लिए कई लोग पहुंचने लगे।

कूनो नेशनल पार्क के गेट वाली रोड है सेसईपुरा-मोरावन रोड
कूनो नेशनल पार्क के गेट वाली सड़क से लगी हुई जमीन अचानक कीमती हो गई है। सेसईपुरा-मोरावन रोड से लगी हुई जमीन के भाव अचानक आसमान छूने लगे हैं। कुछ दिनों पहले तक यहां की जमीन का भाव पांच लाख रुपए प्रति बीघा हुआ करता था लेकिन अब अचानक से चीतों के आने की खबर के बाद यहां की जमीन का भाव पच्चीस लाख रुपए प्रति बीघा पर पहुंच गया है।

जमीन खरीदने रोज पहुंच रहे हैं ग्राहक
कूनो नेशनल पार्क में चीते आने की खबर के बाद यहां पर्यटन बढ़ने की संभावना के चलते अचानक जमीन के दामों में भारी उछाल आ गया है। स्थानीय लोगों की माने तो प्रतिदिन कोई न कोई खरीदार यहां जमीन का सौदा करने के लिए पहुंच जाता है। यही वजह है कि यहां की जमीन की कीमत बहुत बढ़ गई है लेकिन खास बात है कि अभी यहां के किसान अपनी जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं है। वह अभी और भी अच्छे मुनाफे का इंतजार कर रहे हैं।

कूनो नेशनल पार्क में चीते आ जाने के बाद बढ़ जाएगी रौनक
कूनो नेशनल पार्क में चीते आने के बाद यहां की रौनक बढ़ जाएगी। कूनो नेशनल पार्क में पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ जाएगी। यही वजह है कि यहां व्यवसाय के उद्देश्य से लोग जमीन खरीदने पहुंच रहे हैं। इस रोड पर एक होटल का निर्माण भी अभी जारी है। लोगों को उम्मीद है कि यहां व्यवसाय के लिए काफी अच्छी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications