अफसरों की फैक्ट्री है मध्य प्रदेश का ये सैनिक स्कूल, यहां के पूर्व छात्र हैं आर्मी और नेवी के चीफ
Rewa Sainik School: देश की सुरक्षा में लगी सेना के दो भागों में सर्वोच्च पद संभालने वाले विंध्य के अधिकारी होंगे। नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी के बाद लेटीनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी को थल सेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसकी खबर मिलते ही रीवा सहित पूरे विंध्य में हर्ष का माहौल है।
सैनिक स्कूल के लिए स्वर्णिम दिन है, क्योंकि दोनों एक ही बैच 1973-81 के छात्र हैं। आर्मी के नए चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना चीफ दिनेश त्रिपाठी रीवा सैनिक स्कूल में ही पढ़े हैं। साथ ही एक रीवा तो एक सतना जिले के निवासी हैं। ऐसे अवसर कम ही आते हैं।

दरअसल, रीवा सैनिक स्कूल मध्य प्रदेश की शान है। यहां के सैकड़ों छात्र सेना के अलग-अलग विंग में अफसर हैं। कहा जाता है कि हर साल एनडीए में यहां के 15-20 छात्र होते हैं।
Recommended Video

इसकी स्थापना 20 जुलाई 1962 को की गई थी। रीवा सैनिक स्कूल आवासीय है। सैनिक स्कूल में प्रवेश टेस्ट के जरिए होता है। बच्चों का एडमिशन यहां क्लास 6 से होता है। बताया जाता है कि 1 हजार के करीब अफसर सेना में इसी स्कूल के छात्र हैं। स्कूल का कैंपस 260 एकड़ में फैला हुआ है। छात्रों के लिए यहां सारी सुविधाएं होती हैं।
विंध्य का बढ़ा गौरव
इस उपलब्धि के बाद द्विवेदी के पैतृक गांव मुड़िला (गढ़) से लेकर रीवा तक हर ओर लोग उनके परिवार से जुड़े सदस्यों को बधाई देने पहुंचे। उपेन्द्र द्विवेदी के बड़े भाई डॉ. पीसी द्विवेदी का डॉक्टर कॉलोनी में आवास है, उनके पास भी बड़ी संया में लोग बधाई देने सुबह से ही पहुंचने लगे।
बीती रात जैसे ही केन्द्र सरकार ने नए सेना प्रमुख के नाम की घोषणा की तभी से डॉ. पीसी द्विवेदी को फोन पर शुभकामनाएं आने लगी थी, देर रात तक वह लोगों को धन्यवाद ज्ञापित करते रहे। रात्रि में ही भाई (उपेन्द्र द्विवेदी) से भी उनकी बात हुई और नई जिमेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी और कहा कि देश की सेना का सर्वोच्च पद मिला है, अब पूरे देश की सुरक्षा की जिमेदारी है उसे पूरी तन्मयता से निभाएं, परिवार की शुभकामनाएं साथ रहेंगी।
कई बड़े अवार्ड पा चुके
लेटीनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने 15 दिसंबर 1984 को सेकंडी लेटिनेंट के रूप में ज्वाइन किया था। इसके बाद वह कैप्टन, मेजर, लेटिनेंट कर्नल, कर्नल, ब्रिगेडियर, मेजर जनरल, लेटिनेंट जनरल आदि पदों पर रहते हुए कई महत्वपूर्ण अवार्ड भी हासिल कर चुके हैं। सेना के सबसे अहम अवार्ड में शामिल परम विशिष्ट सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल सहित अन्य कई मेडल हासिल कर चुके हैं। वह विदेश में भी सेवा दे चुके हैं।

सैनिक स्कूल की सबसे बड़ी उपलब्धि, नए छात्रों को मिलेगी प्रेरणा
सैनिक स्कूल रीवा के लिए यह अवसर गौरवांवित करने वाला है। जब यहां से पढकऱ निकले एक ही बैच के दो पुरा छात्रों को दो सेनाओं का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। स्कूल के सतपुड़ा हाउस के वर्ष 1973-1981 तक छात्र रहे एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने बीते महीने ही नौसेना प्रमुख की कमान संभाली है। उसके बाद अब नर्मदा हाउस के इसी बैच के छात्र रहे उपेन्द्र द्विवेदी को नया आर्मी चीफ घोषित किया गया है। इसके पहले भी सेना के विभिन्न पदों पर सैनिक स्कूल रीवा के छात्र रहे हैं। सेना के साथ ही इस स्कूल के छात्र अन्य प्रशासनिक पदों के साथ ही देश के प्रमुख जनप्रतिनिधि भी हैं। कई छात्र देश-दुनिया के बड़े वैज्ञानिक भी हैं। नए सेना प्रमुख की घोषणा के बाद सैनिक स्कूल में भी शिक्षकों और छात्रों ने प्रसन्नता जाहिर की है।
परिवार के सभी सदस्य अच्छे पदों पर
नए सेना प्रमुख उपेन्द्र द्विवेदी का पूरा परिवार अच्छे पदों पर है। सबसे बड़े भाई डॉ. पीसी द्विवेदी श्यामशाह मेडिकल रीवा के डीन पद से रिटायर्ड हो चुके हैं। दूसरे बड़े भाई पीएस द्विवेदी भी जलसंसाधन के चीफ इंजीनियर के पद से ही सेवानिवृत्त हुए हैं। बहन पुष्पा पांडेय और बहनोई दोनों जबलपुर में नामी चिकित्सक हैं। उपेन्द्र का विवाह रीवा के ही सर्जरी विशेषज्ञ एवं पूर्व डीएमई डॉ. टीएस त्रिपाठी के यहां हुआ था। पीसी द्विवेदी का भी विवाह उसी घर में हुआ था। भतीजे भी डॉक्टर हैं और कई अन्य सदस्य बड़े पदों पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications