पतियों से कहिए घर में शराब पिएं, उन्हें बेलन दिखाएं, मोहन सरकार के मंत्री की सलाह का जीतू पटवारी ने बताया मतलब
Narayan Singh Kushwaha: मध्य प्रदेश में शराब को लेकर सियासत छिड़ गई है। मंत्री नारायण कुशवाहा के शराब पिलाने के दिए गए सुझाव पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी का बयान सामने आया है। जीतू पटवारी ने कहा कि यह सरकार मध्य प्रदेश को नशा युक्त रखना चाहती है। एक तरफ शराबबंदी की बात करती है और दूसरी तरफ राज्य को शराब युक्त भी रखना चाहते हैं।
दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा पुरुषों का शराब छुड़ाने के लिए पत्नियों को अजीबोगरीब सलाह देकर चर्चा में हैं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को ऐसा सुझाव दिया जिसके बाद सियासत तेज हो गई है।

भोपाल में नशा मुक्ति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा था कि महिलाएं अपने पतियों से कहें की वह घर में लाकर शराब पीएं। जब वह बच्चों और परिवार के लोगों के सामने शराब पीएंगे तो उन्हें शर्म आएगी और कुछ दिनों बाद पीना छोड़ देंगे। वहीं, उन्होंने कहा कि जो पति बाहर से शराब पीकर घर आते हैं। महिलाएं उन्हें खाना नहीं दें और बेलन दिखाएं।
मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा के बयान पर अब जीतू पटवारी ने पलटवार किया है। पटवारी ने कहा- "नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि पत्नियां अपने पतियों को घर में बैठाओ और शराब पिलाओ। संदेश क्या है? संदेश ये है कि ये सरकार प्रदेश को नशा युक्त रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि एक मंत्री के बयान का मतलब होता है इसमें पूरी भाजपा सरकार सहमत है।
वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस में फैक्ट फाइंटिंग कमेटी को लेकर जीतू पटवारी ने कहा कि जब तक हम हार के कारणों का सही पता नहीं लगाएंगे तब तक समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कांग्रेस इस देश को जीने वाली पार्टी है। कांग्रेस एक विचारधारा है। कांग्रेस एक आंदोलन है। भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए पटवारी ने कहा कि एमपी में 20 सालों से एक निरंकुश पार्टी की सत्ता है जो लगातार एमपी को बर्बाद कर रही है।
बता दें कि मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। राज्य की सभी 29 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। ऐसा पहली बार हुआ है जब कांग्रेस मध्य प्रदेश में अपना खाता तक नहीं खोल पाई।












Click it and Unblock the Notifications