Guna News: गुना में पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का बड़ा बयान, PCC चीफ कमलनाथ को बताया चुनावी हिन्दू
Guna BJP News: मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सनातन धर्म को लेकर कांग्रेस और भाजपा में जंग शुरू हो चुकी है। दरअसल, प्रदेश में भाजपा संगठन द्वारा जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लगातार प्रदेश का दौरा किया जा रहा है। जिसमें ज्यादातर वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्म को लेकर कांग्रेस को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। बीते दिन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सीहोर में कहा कि यह वोट की लड़ाई नहीं बल्कि धर्म और धर्म के बीच की लड़ाई है। वहीं आज पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कमलनाथ को चुनावी हिंदू बताया है।
रविवार को गुना में पत्रकारों से चर्चा करते हुएपूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि धार्मिक कथा कराने और हनुमान जयंती मनाने से कोई सनातनी नहीं हो जाता है। उसके लिए मन से धर्म, संस्कृति को मानना व अंगीकार करना पड़ता है। कमलनाथ और कांग्रेस के नेता चुनाव आते ही हिन्दू बन जाते है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मैं उनसे पूछना हूं कि वे कभी अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन करने क्यों नहीं गए। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ भगवान श्रीराम को मान देने से क्यों घबराते हैं। कांग्रेस नेताओं का चरित्र हमेशा सनातन विरोधी रहा है। सनातन के सम्मान का मुद्दा मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में दिखेगा और प्रदेश की जनता सनातन का अपमान करने वालों को वोट की ताकत से सबक सिखाएगी।
उन्होंने कहा कि सनातन का तो इस्लाम और मुगल कुछ नही बिगाड़ पाए तो घमंडिया गठबंधन के नेताओं की हिम्मत नहीं है कि वे सनातन को हिला सकें। मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरल और सहज हैं। वह प्रदेश की जनता को परिवार की तरह देखते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ हर वर्ग की चिंता करते हैं। उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत जैसी अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रह है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तो लाडली बहना योजना लाकर बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया है। आज प्रदेश की बहनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications