MP News: पकड़ा गया मध्य प्रदेश का Spider Man चोर, खंभों से इमारतों में कूदकर करता था चोरी
MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर पुलिस ने स्पाइडर मैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, सुनने में थोड़ा अजीब लग रहा होगा, लेकिन ये सच है।
चोर को स्पाइडर-मैन के नाम से पहचाना जाता था और वह अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी करता था। 15 साल बाद पुलिस की गिरफ्त में आए चोर ने बॉर्डर फिल्म और अपनी पहली चोरी के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पूछताछ में ऐसे-ऐसे राज खुले हैं। जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

दरअसल, दो मई को अशोक नगर में एक गल्ला व्यापारी के घर लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इसमें सोने के आभूषण और नकदी थे। उसी रात एक घर में फिर चोरी हो गई। बीच बाजार में हुई इस घटना के बाद पुलिस की नींद उड़ गई और लोगों का विरोध और गुस्सा लगातार बढ़ने लगा। लोगों के लगातार विरोध के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को सक्रिय किया और 10 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान कर दिया।
पुलिस जांच के दौरान स्पाइडर-मैन नाम के चोर के बारे में सूचना मिली। उसका चोरी करने का तरीका बिल्कुल अशोक नगर में हुई चोरियों जैसा ही था। यह शातिर चोर विदिशा, सिरोंज, आरोन सहित दर्जनों स्थानों पर अपने अंदाज में चोरी करने के लिए जाना जाता था। जहां लोग उन्हें स्पाइडर-मैन कहकर बुलाते थे। वह अपने शौक पूरे करने के लिए और जुआ खेलने के लिए चोरी करता था।
बता दें कि आरोपी फिल्में देखने का बड़ा शौकीन था। पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर चोर परवेज उर्फ स्पाइडर-मैन उर्फ नकटा ने सभी घरों में दीवारों और खंभों के सहारे छतों पर चढ़कर चोरी की वारदात कबूल की है। एक भी मामले में उसने ताला तोड़कर चोरी नहीं की है।
परवेज ने पहली चोरी बॉर्डर फिल्म देखने के लिए की थी। इसके बाद उसकी जुए की लत और महंगी चीजों के शौक ने उसे एक शातिर चोर बना दिया। वह अक्सर चोरी करने के बाद जुआ खेला करता था। चोरी के पैसे से उसने हाल ही में एक डिजायर कार और एक स्कूटी खरीदी थी।जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
एसपी विनीत कुमार जैन के जानकारी अनुसार परवेज शातिर चोर है। आरोपी को जुआ खेलने और फिल्में देखने का शौक है। उसके खिलाफ कई थानों में 40 से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपी ने 2009 से ही चोरी करना शुरू कर दिया था। जिसके बाद उसने आरोन, सिरोंज, विदिशा और अशोक नगर में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।












Click it and Unblock the Notifications