मध्य प्रदेश सरकार रामायण पर कराएगी क्विज, जीतने वाले को मिलेगा इस शहर का फ्लाइट टिकट
भोपाल, 18 अक्टूबर: मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार महाकाव्य 'रामायण' पर एक क्विज प्रतियोगिता कराने जा रही है। ये रामायण पर आधारित एक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता होगी, जिसके विजेताओं को कई इनाम दिए जाएंगे। इसमें सबसे बड़ा इनाम पाले को उत्तर प्रदेश के शहर अयोध्या की हवाई यात्रा करने का मौका मिलेगा। विजेता मध्य प्रदेश से फ्लाइट से उत्तर प्रदेश पहुंचेगा। मध्य प्रदेश की पर्यटन और संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने इस क्विज प्रतियोगिता की घोषणा की है।

शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री उषा ठाकुर ने रविवार को कहा, हमारी सरकार रामायण पर आधारित एक क्विज कॉम्पिटिशन आयोजित करने जा रही है। इसे जीतने वाले को अयोध्या शहर में मुफ्त हवाई यात्रा करने का मौका मिलेगा। जहां राम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। ये क्विज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाएगी। क्विज की तारीख और इसके नियमों को लेकर अभी जानकारी नहीं दी गई है। उषा ठाकुर ने रविवार को बीआर अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू में रामायण की ही पात्र शबरी पर एक चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसका आयोजन मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग ने किया है। इस चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद ठाकुर ने रामायण पर क्विज प्रतियोगिता की जानकारी दी।
बीते महीने, मध्य प्रदेश क शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने घोषणा की थी कि राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष के छात्र कला स्ट्रीम में दर्शनशास्त्र के तहत वैकल्पिक विषय के रूप में 'रामचरितमानस' भी पढ़ सकेंगे। इसके अलावा एमपी सरकार ने इस वर्ष के राज्य के बजट में 'राम वन गमन पथ' परियोजना पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक करोड़ की राशि भी निर्धारित की है।












Click it and Unblock the Notifications