MP News: CM शिवराज की संवेदनशीलता से संविदा के ढाई लाख परिवारों की बदलेगी जिंदगी, कर्मचारियों ने जाहिर की खुशी
samvida karmi News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन और भत्तों को लेकर जो ऐलान किया है। उसके बाद प्रदेश के करीब ढाई लाख संविदा कर्मचारियों के परिवारों में खुशियों की बहार है। 10 से 15 साल से संविदा पर काम कर रहे इन कर्मचारियों में खुशी इस बात को लेकर है कि 1 माह में उन्हें ₹15000 तक का फायदा होने की स्थिति बन रही है।
नियमित कर्मचारियों से अधिक मेहनत करने वाले इन कर्मचारियों का कहना है कि सीएम शिवराज ने उनके परिवार में खुशियों की बौछार कर दी है। सबसे ज्यादा खुशी इस बात को लेकर है कि अब उनके रोजगार की अनिश्चितता खत्म हो जाएगी। कोई वरिष्ठ अधिकारी अपनी मनमर्जी से उन्हें सेवा से पृथक नहीं कर सकेगा।

बता दे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को संविदा कर्मचारियों के सम्मेलन में दर्जनभर घोषणाएं की थी। इसमें कहा गया कि अब संविदा पर पदस्थ अधिकारी, कर्मचारियों को हर साल एग्रीमेंट कराने से मुक्ति मिलेगी। संविदा कर्मचारियों को समय सीमा में नेशनल पेंशन स्कीम का लाभ दिलाया जाएगा। इन कर्मचारियों व अधिकारियों को अब वेतन व मानदेय में पूर्व निर्धारित 90% के स्थान पर 100 फीसदी राशि प्रदान की जाएगी। संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक गणना संबंधी कार्यवाही शीघ्र की जाएगी।
सीएम की इन घोषणाओं के बाद संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने कहा कि हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने हमारा दर्द और समस्याओं को समझा और उनका निराकरण भी किया। मांगे पूरी होने से आज हर संविदा कर्मचारी और उसका परिवार खुशी महसूस कर रहा है।
इनके अलावा संविदा पर कार्यरत स्टेनोग्राफर वाणिज्य कर विभाग प्रियांश जैन ने कहा कि लंबे समय से हम मांग कर रहे थे आखिरकार हमारी सभी मांगें सरकार ने पूरी कर दी हैं हम सब बहुत खुश हैं। इधर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पीएचई विभाग के संविदाकर्मी मंगलेश दुबे ने कहा कि सीएम की घोषणा से हर संविदा कर्मी को लाभ पहुंचेगा उसके वेतन में वृद्धि होने से उसकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। केमिस्ट संविदा कर्मचारी विभा श्रीवास्तव ने कहा कि सर्वप्रथम में सीएम को धन्यवाद देती हूं। उन्होंने हमारी अर्जी सुनी। हम बहुत खुश हैं। उन्होंने जो कहा वह करके दिखाया।
वहीं विद्युत कंपनी में संविदा पर कार्यरत विनोद गुर्दे ने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान की घोषणाओं के बाद अब उनके जीवन में बदलाव की बहार आएगी। 10 साल से अधिक समय से वह इस खुशी का इंतजार कर रहे थे, जिसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरा किया सीएम के फैसले और उस पर अमल से संविदा कर्मचारियों के परिवारों में खुशियों के दिन आना तय हो गया हैं।












Click it and Unblock the Notifications