सतनाः पिकअप में सवार होकर मैहर माता का दर्शन कर लौट रहे लोग हादसे का शिकार, दो की मौत
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में दर्शनार्थियों से भरी एक पिकअप पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनभर लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रामनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। सभी लोग पिकअप में सवार होकर मैहर माता का दर्शन करके लौटे थे। यहां से लौटते वक्त पिकअप सड़क से उतर गई और पलटी खा गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र के सगौनी गांव के पास गुरुवार की दोपहर पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में ड्राइवर सहित दो दर्जन लोग सवार थे।

हादसे के दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक हादसे के बाद ड्राइवर सहित तीन लोग कूद कर भाग गए। मृतक महिला की पहचान रामबाई साकेत के रूप में हुई है। घायलों में से 11 लोग देवराजनगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं, जबकि 9 लोगों का इलाज रामनगर में चल रहा है। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। पिकअप में सवार सभी लोग रामपुर नैकिन के पटरा गांव से दर्शन करने मैहर आए थे। मैहर से लौटते वक्त सगौनी के पास खाली सड़क पर तेजी से आ रही पिकअप पलट गई।
गाड़ी के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और साथ ही डायल 100 को सूचना भी दी। लोगों ने बताया कि यहां सड़क निर्माण का काम जिस कंपनी ने किया है, सड़क तो ऊंची कर दी, लेकिन उसके किनारों का नीचा ही रहने दिया। इस कारण साइड काफी नीचा हो गया है। इस कारण वाहन अगर सड़क से नीचे उतर गया तो उसे वापस सड़क पर लाना खतरनाक हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications