Shivpuri news:23 हजार रुपए जमा करके बैंडबाजे और बैलगाड़ी से आरटीआई की जानकारी लेने पहुँचा माखन
शिवपुरी में आरटीआई की जानकारी लेने बैलगाड़ी और बैंड बाजा लेकर पहुंचा आरटीआई एक्टिविस्ट, 9 हजार पेज की जानकारी के लिए जमा किए 23 हजार रुपए, उधार लेकर चुकाई आरटीआई की फीस
Shivpuri में एक आरटीआई एक्टिविस्ट को कड़ी मेहनत के बाद जब आरटीआई की जानकारी मिली तो खुशी के मारे आरटीआई एक्टिविस्ट ने बैंड बाजे बजवाए और बैंड बाजे की धुन के साथ आरटीआई एक्टिविस्ट बैलगाड़ी में आईटीआई से मिली जानकारी के 9000 पेज को रखकर शिवपुरी की सड़कों पर निकला।

माखन धाकड़ ने मांगी थी नगर परिषद बैराड़ से आरटीआई के तहत जानकारी
बैराड़ के रहने वाले माखन धाकड़ ने 2 महीने पहले आरटीआई के तहत नगर परिषद बैराड़ से जानकारी मांगी थी। यह जानकारी प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में मांगी गई थी लेकिन माखन धाकड़ को जानकारी नहीं दी गई। जिसके बाद माखन धाकड़ ग्वालियर से लेकर भोपाल तक अधिकारियों के चक्कर काटते रहे और आखिरकार 2 महीने बाद माखन धाकड़ को सफलता मिल सकी।
Recommended Video

तकरीबन 9000 पेज के लिए जमा कराए 23000 रुपए
माखन धाकड़ ने अधिकारियों के पास भागदौड़ करके आरटीआई के तहत जानकारी तो हासिल कर ली लेकिन इस जानकारी को हासिल करने के लिए माखन धाकड़ को ₹23000 जमा करने पड़े। नगर परिषद बैराड़ ने जानकारी को 9000 पेज में तैयार किया और इसके एवज में माखन धाकड़ से ₹23000 जमा करवाए। खास बात यह है कि माखन धाकड़ ने उधार लेकर आरटीआई की फीस जमा की।

9000 पेज लेने बैलगाड़ी लेकर पहुंचे माखन
माखन धाकड़ आरटीआई की जानकारी के 9000 पेज लेने के लिए बैलगाड़ी के साथ पहुंचे। खास बात यह रही कि माखन धाकड़ ने बैंड बाजे का भी इंतजाम किया हुआ था। इसके साथ ही माखन धाकड़ अपने चार दोस्तों को लेकर भी पहुंचे थे। जब आरटीआई के तहत 9000 पेज की जानकारी दी गई तो चार दोस्तों ने मिलकर 2 घंटे में इन पेजों की गिनती की।

सिर पर बंडल रखकर बैलगाड़ी तक पहुंचाए पेज के बंडल
पेजों की गिनती पूरी होने के बाद माखन धाकड़ और उसके दोस्तों ने अपने अपने सिर पर आरटीआई की जानकारी के बंडल रख लिए और इन बंडलों को सिर पर रखकर नगर परिषद बैराड़ के परिसर में पहुंचे और यहां बैलगाड़ी में आरटीआई की जानकारी के पेजों को रख दिया। इसके बाद बैलगाड़ी हांक कर माखन अपने घर के लिए रवाना हुए।

रास्तेभर बजते रहे बैंड बाजे
माखन धाकड़ को आरटीआई की जानकारी मिलने पर इतनी खुशी हुई कि उन्होंने नगर परिषद बैराड़ से लेकर अपने घर तक बैंड बाजे बजवाए। रास्ते भर बैलगाड़ी के साथ-साथ बैंड बाजे बजते हुए गए। यह नजारा जिसने भी देखा वह हैरान रह गया। ऐसा पहली बार हुआ जब किसी आरटीआई एक्टिविस्ट को आरटीआई की जानकारी मिलने पर इतनी खुशी हुई हो।

अब करेंगे पीएम आवास योजना का घोटाला उजागर
आरटीआई एक्टिविस्ट माखन धाकड़ का कहना है कि जो जानकारी उन्हें उपलब्ध करवाई गई है उनमें से ज्यादातर पेज उनके मतलब के नहीं है लेकिन जितनी भी जानकारी उन्हें मिल सकी है इन्हीं जानकारियों में से वे नगर परिषद बैराड़ द्वारा पीएम आवास योजना में किए गए घोटाले को उजागर करेंगे।











Click it and Unblock the Notifications