MP News: सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, इन जिलों के लिए खास प्लान तैयार
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व बेहतर बनाने के लिये ट्रैफिक एक्सपर्ट की टीम बुलाएँ। इस टीम का खर्चा सांसद निधि से उपलब्ध कराया जायेगा। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कही।
उन्होंने शहर की सड़कों के दोनों ओर अवैध पार्किंग की वजह से सड़क आवागमन में आ रही दिक्कत को दूर करने और यातायात पुलिस लगाकर लेफ्ट टर्न का पालन कराने के भी निर्देश दिए। जिले से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय सड़क मार्गों के ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनायें रोकने के कारगर उपाय करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। सांसद कुशवाह ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अब हर माह आयोजित की जायेगी।

सांसद कुशवाह ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूली वाहनों की नियमित ऑडिट करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने के लिये भी पुलिस अधिकारियों से कहा। कुशवाह ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड बनवाने की ओर भी सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही कहा कि शहर के नजदीक से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्ट्रीट लाइट भी लगवाई जाए।
ग्वालियर शहर में जिन चौराहों, तिराहों व जिन बाजारों की सड़कों पर अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है वहाँ पर यातायात सुधार के लिये विशेष उपाय करने पर बैठक में बल दिया गया। साथ ही पार्किंग स्थल बढ़ाने और पूर्व से स्थापित पार्किंग की क्षमताओं का उपयोग करने के लिये भी कहा गया। स्मार्ट सिटी द्वारा बनवाए गए शहर के चारों प्रवेश द्वारों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगवाने की बात भी बैठक में कही गई।
सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
इंदौर शहर में यातायात को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यातायात सुधार की मुहिम लगातार जारी है। इस मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण, एआईसीटीएसएल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के संयुक्त प्रयासों से सड़कों एवं चौराहों के तकनीकी सुधार, सौन्दर्यीकरण, सड़कों एवं फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें बाधा मुक्ति, बैसमेंट को पार्किंग में परिवर्तित करने सहित अन्य गतिविधियां जारी है। इसी अभियान को गति देने के लिए आज सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक रेसीडेंसी कोठी में सम्पन्न हुई।
बैठक में सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि, हमें ऐसा सुगम यातायात बनाने की आवश्यकता है जो आगामी 50 वर्षों तक कायम रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सुनियोजित यातायात के लिए अभी से प्रयास करने होंगे। शहर में अच्छे लेफ्ट टर्न बने, सुव्यवस्थित ट्राफिक सिग्नल के साथ कैमरे लगे हो। यातायात मानक के अनुसार स्पीड़ ब्रेकर हो। नियोजित तरीके से रोटरी बनायी जाये। यातायात के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। यातायात विभाग समय-समय पर स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलायें, ताकि बच्चे से लेकर युवा भी यातायात के नियमों का ठीक प्रकार से पालन करें।
बैठक में लालवानी ने कहा कि, यदि गलत सड़क, पुल-पुलिया निर्माण, स्पीड ब्रेकर, संकेतक आदि की वजह से वाहन चालक या पैदल यात्री हादसे का शिकार होता है तो उसके लिए ठेकेदार को जिम्मेदार माना जाए और उसके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए। ट्राफिक पुलिस द्वारा स्पीडोमीटर से जाँच में यदि कोई वाहन चालक निर्धारित गति से अधिक गति से वाहन चलाते पाये जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस सख्ती बरते, इससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। यातायात विभाग भी चौराहे पर यातायात को सुगम बनाने में विशेष ध्यान दे।
ये भी पढ़े- MP News: अपने हाथों से CM ने सफाईकर्मियों को पहनाई पादुका, किया ये वादा












Click it and Unblock the Notifications