MP: प्रह्लाद को सुरक्षित निकालने के लिए 24 घंटों से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन, 55 फीट की गहराई पर फंसा है वो
टीकमगढ़। खबर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से है, यहां सैतपुरा गांव में बुधवार (04 नवंबर) सुबह करीब 9 बजे तीन साल का प्रह्लाद बोरवेल में गिर गया। प्रह्लाद को बचाने के लिए पिछले 24 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, गुरुवार (05 नवंबर) सुबह 9 बजे उसे निकाला नहीं जा सका है। ताजा जानकारी के मुताबिक, बोरिंग के सामने करीब 40 फीट के गड्डा खोद लिया गया है, लेकिन अभी भी तक़रीबन 15 फीट गड्ढा खोदा जाना बाकी है। आर्मी, NDRF, पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार बच्चे को सुरक्षित निकालने की कोशिश में लगी हुई हैं।

मामला टीकमगढ़ जिले के सैतपुरा गांव का है। बुधवार को हरदयाल कुशवाहा बोरवेल में केसिंग डालने के लिए पाइप ला रहे थे। इसलिए उनके साथ प्रहलाद भी आया था। इसी दौरान वह खेलते खेलते बोर के पास चला गया और अचानक से बोरवेल में जा गिरा। बच्चे के बोर में गिरते ही परिजनों की चीख पुकार मच गई। हरदयाल के अनुसार, प्रहलाद के बोरवेल में गिरने के बाद कुछ देर तो कुछ समझ में ही नहीं आया, कि कैसे अपने बेटे को बचाएं। इसके बाद करीब 1 घंटे बाद 10 बजे डायल 100 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 100 की टीम ने थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी को सूचित किया। जिसके बाद वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच पृथ्वीपुर एसडीएम तरूण जैन और तहसीलदार अनिल तलैया राजस्व टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए निवाड़ी जिलाधिकारी आशीष भार्गव की सूचना दी। दोपहर करीब 12 बजे मौके पर पहुंचकर जिलाधिकारी भार्गव ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बच्चे को बचाने के निर्देश दिए। खबरों के मुताबिक, करीब 1.30 बजे बवीना से लेफ्टिनेंट कर्नल केके गौतम ने सैतपुरा गांव पहुंचे और अपनी 16 सदस्यीय टीम को बुलवाया, जो रेस्क्यू में जुट गई। साथ ही झांसी से नाइट विजन टीम और टीकमगढ़ से एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने बोर के अंदर कैमरे डालकर वस्तुस्थिति जानी।
5 जेसीबी, 2 एलएनटी मशीनों को लगाया खुदाई के लिए
डीएम भार्गव के निर्देशन में तुरंत 5 जेसीबी मशीन, दो एलएनटी मशीनों को खुदाई करने के कार्य में लगाया गया। काम के दौरान अगर कोई मशीन फंस जाती है, तो उसे तत्काल निकालने के लिए पोकलेन मशीन को भी बुलाया गया। तो वही, झांसी उप्र से पहुंची नाइट विजन कैमरों की टीम को बुलाया गया। जो बोरवेल में कैमरे डालकर कम्प्यूटर के माध्यम से बच्चे की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। कलेक्टर आशीष भार्गव, पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह की देखरेख में देररात तक रेस्क्यू जारी रहा। खबर लिखे जाने तक 40 फीट गड्डा मशीनों से खोदा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications