Raja Raghuvanshi murder case: क्या सोनम रघुवंशी ने शादी के पहले ही हत्या की रची थी साजिश?
Raja Raghuvanshi murder case: मेघालय में इंदौर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या मामले में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा समेत तीन अन्य लोगों को अरेस्ट किए जाने के बाद पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा किया है। हनीमून हत्याकांड की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजा रघुवंशी की हत्या की योजना सोनम ने शादी से पहले ही बना ली थी।
बता दें सोनम और राजा रघुवंशी 11 मई को इंदौर में शादी के बाद हनीमून पर मेघालय गए थे। 20 मई को मेघालय पहुंचे और तीन दिन बाद 23 मई को होमस्टे से चेक आउट करने के बाद लापता हो गए थे। 2 जून को राजा का शव एक खाई में मिला था।

राजा की मौत की पुष्टि होने के पांच दिन बाद, सोनम रघुवंशी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। 24 वर्षीय सोनम पर अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा की हत्या करने का आरोप है।
शादी के पहले ही सोनम ने हत्या की कर ली थी प्लानिंग
वहीं एचटी को एक पुलिस अधिकारी ने नाम ना छापने की शर्त पर खुलासा किया कि इंदौर के राजा रघुवंशी हत्या की योजना सोनम ने राजा से उसकी शादी से पहले ही बना ली गई थी। इंदौर के पुलिस अधिकारी ने बताया सोनम का कथित प्रेमी राज कुशवाहा कुछ हफ्तों से हत्यारों के संपर्क में थे।
राज कुशवाहा हत्यारों के संग मेघालय नहीं गया था
पुलिस ने बताया तीनों आरोपी 17 मई को राज कुशवाहा द्वारा कथित तौर पर दिए गए 50,000 रुपये और एक मोबाइल फोन के साथ इंदौर से मेघालय के लिए रवाना हुए थे। वहीं पीटीआई से बात करते हुए, एक इंदौर पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुशवाहा संदेह से बचने के लिए मेघालय नहीं गया था।
मेघालय सीएम बोले- सारे सबूत सोनम के खिलाफ
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने भी सोनम रघुवंशी की अपने पति की हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ने पीटीआई को बताया कि अधिकांश सबूत इस तथ्य की ओर इशारा करते हैं कि सोनम राजा की मौत के पीछे थी। संगमा ने बताया "बहुत सारे सबूत और तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस को टुकड़ों और लापता कड़ियों को जोड़ने में कुछ दिन लगे। लेकिन, अंततः कड़ियां सोनम (रघुवंशी की पत्नी) की ओर इशारा करती हैं।"
सोनम समेत चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी हत्या मामले में सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा के साथ, तीन अन्य आकाश राजपूत (ललितपुर, उत्तर प्रदेश), आनंद कुर्मी (सागर, मध्य प्रदेश) को भी गिरफ्तार किया गया है। इन सभी आरोपियों को आगे की जांच के लिए अधिकारियों को सात दिन की ट्रांजिट रिमांड दिए जाने के बाद शिलांग पुलिस द्वारा शिलांग ले जाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications