Sheopur news: प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कांग्रेस विधायक समेत दो दर्जन घायल
पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर राजस्थान के शख्स ने की खुदकुशी, मृतक के शव को श्योपुर-राजस्थान की सीमा पर रखकर किया गया प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल हुए प्रदर्शन में शामिल, पुलिस ने किया लाठी चार्ज, विधायक समेत 2 दर्ज
Sheopur में पुलिसकर्मियों द्वारा श्योपुर-राजस्थान की सीमा पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों लाठीचार्ज किया गया। पुलिस कर्मियों ने श्योपुर के कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को भी नहीं बख्शा और उन पर भी लाठी लेकर टूट पड़े। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में विधायक बाबू जंडेल बुरी तरह घायल हो गए। विधायक के अलावा प्रदर्शन में शामिल दो दर्जन लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। राजस्थान के एक शख्स द्वारा खुदकुशी किए जाने के बाद मृतक के परिजन शव को जलालपुरा पर रखकर चक्काजाम कर रहे थे।

धर्मेंद्र पारेता नाम के शख्स ने की थी खुदकुशी
राजस्थान के निवासी धर्मेंद्र पारेता ने खुदकुशी कर ली थी। धर्मेंद्र पारेता पर श्योपुर की देहात थाना पुलिस ने शराब तस्करी का मामला दर्ज किया था। श्योपुर की देहात थाना पुलिस ने धर्मेंद्र पारेता की इको कार को पकड़ा और 7 पेटी शराब तस्करी का आरोप लगाते हुए देहात थाना पुलिस ने धर्मेंद्र पर एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसी बात से धर्मेंद्र परेशान हो गया और उसने खुदकुशी कर ली थी।
मृतक के परिजनों ने जलालपुरा पर शव रखकर किया प्रदर्शन
मृतक धर्मेंद्र के शव को लेकर उसके परिजन श्योपुर-राजस्थान की सीमा पर स्थित जलालपुरा पहुंचे और यहां शव को रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि श्योपुर की देहात थाना पुलिस ने धर्मेंद्र पर झूठा केस दर्ज किया है इस वजह से धर्मेंद्र ने खुदकुशी कर ली है इसलिए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करते हुए उन पर एफआईआर दर्ज की जाए।
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल भी प्रदर्शन में हुए थे शामिल
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को जब इस बात की जानकारी मिली कि मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है तो वे भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जलालपुरा पहुंच गए थे और यहां मृतक के परिजनों के द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में विधायक भी शामिल हुए।
पुलिस ने कर दिया लाठीचार्ज
जब जलालपुरा पर भीड़ बढ़ने लगी और प्रदर्शन तेज होने लगा तो पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें हटाने का प्रयास किया। जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के दौरान पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और पुरुषों को जमकर पीटा। यहां तक कि प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल पर भी पुलिसकर्मी लाठी लेकर टूट पड़े। पुलिसकर्मियों के लाठीचार्ज में कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल घायल हो गए। लाठीचार्ज के दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया। इस वजह से पुलिस के कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। बुधवार की देर रात तक मौके पर हंगामा और बवाल होता रहा।
विधायक ने कहा मेरे गनर को भी पीटा
लाठीचार्ज में घायल हुए कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मेरे साथ मेरे गनर को भी पीटा है। घायल बाबू जंडेल को खाट पर लिटाकर उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
श्योपुर एसपी ने किया देहात थाना प्रभारी को निलंबित
पुलिस प्रताड़ना की बात सामने आने पर श्योपुर एसपी ने तत्काल प्रभाव से देहात थाना प्रभारी विकास तोमर को निलंबित कर दिया है। एसपी आलोक कुमार का कहना है इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी निकल कर सामने आएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications