PM Modi MP Visit: 'अद्वैत के विचारों से आधुनिक विश्व की चुनौतियों का समाधान', आनंदपुर धाम में बोले पीएम मोदी
PM Modi MP visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के ईसागढ़ तहसील स्थित आनंदपुर धाम का दौरा किया। इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र पर उनका आगमन एक ऐतिहासिक क्षण बन गया, जहां उन्होंने गुरुजी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की तथा पूरे परिसर का भ्रमण किया। यह परिसर लगभग 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है, और अद्वैत परंपरा का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले गुरुजी महाराज मंदिर में विधिवत पूजा की और आश्रम परिसर के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने आश्रम के अनुयायियों, साधकों और संतों से संवाद भी किया। उन्होंने आनंदपुर धाम की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक भूमिका की सराहना करते हुए इसे देश की आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा स्थान बताया।

PM Modi MP visit: देश-विदेश के अनुयायियों को किया संबोधित
आनंदपुर धाम में उपस्थित देश-विदेश के हजारों अनुयायियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आनंदपुर धाम केवल एक तीर्थस्थल नहीं है, यह भारत की आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। यह स्थान समर्पण, सेवा और साधना का संगम है।"
पीएम मोदी ने कहा कि जब-जब भारत के सामने कठिन समय आया, तब-तब किसी ऋषि मुनि ने धरती पर अवतरित होकर भारत को नई दिशा दी है। इसकी झलक हमें स्वामी अद्वैतानंद जी महाराज के जीवन में मिलती है गुलामी के कालखंड में हमारा समाज उनके ज्ञान को भूलने लगा था।
PM Modi ने कहा कि उसी कालखंड में अनेक ऋषि मुनियों ने स्वामी अद्वैतानंद जी महाराज के विचारों से राष्ट्र की आत्मा को जोड़ा आज दुनिया में भौतिक प्रगति के बीच युद्ध, संघर्ष और मानवीय मूल्यों से जुड़ी कई बड़ी चिंताएं हमारे सामने हैं। इन चुनौतियों का समाधान भी अद्वैत के विचारों में मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अद्वैत मठ की परंपरा ने भारतीय संस्कृति और धर्म को वैश्विक पहचान दी है और यह स्थान आध्यात्मिक पर्यटन का भी एक अहम केंद्र बन सकता है।
मध्यप्रदेश में विकास की असीम संभावनाएँ, PM Modi
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने अशोकनगर और आनंदपुर धाम जैसे क्षेत्रों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "अशोकनगर और इस पूरे क्षेत्र ने देश को बहुत कुछ दिया है। यहां विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। हम मध्यप्रदेश और अशोकनगर को तेज़ी से आगे बढ़ा रहे हैं।"
मोदी ने चंदेरी की पारंपरिक साड़ियों का भी ज़िक्र किया, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए GI टैग (जियोग्राफिकल इंडिकेशन) दिया गया है। उन्होंने बताया कि इससे स्थानीय बुनकरों और हस्तशिल्पियों को रोजगार और सम्मान दोनों मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कुछ दिन पहले मनाई गई राम नवमी का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राम वन गमन पथ के विकास पर कार्य कर रही है, जिससे भगवान श्रीराम के वनवास काल के मार्ग को ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस पवित्र पथ का एक महत्वपूर्ण भाग मध्यप्रदेश से होकर भी गुजरता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि, "हमारा मध्यप्रदेश तो पहले से ही अजब भी है, गजब भी है। अब यह विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।"
PM Modi MP visit: सबका साथ, सबका विकास का नारा दोहराया
अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने राजनीतिक संदर्भों में भी एक स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा, "देश सेवा का हमारा मंत्र रहा है - सबका साथ, सबका विकास। लेकिन कुछ लोग सिर्फ सत्ता हथियाने के लिए दिन-रात खेल खेलते रहते हैं। उनका असली सिद्धांत है - परिवार का साथ, परिवार का विकास।"












Click it and Unblock the Notifications