MP: शिवराज और उनकी पत्नी के बाद अब उनके बेटे पर लोगों ने निकाला गुस्सा, कहा- अब तक क्यों नहीं आए?
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन पहले बुधनी क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान उनकी पत्नी साधना सिंह का महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर विरोध किया था। महिलाओं का कहना था कि वे प्यासी मर रही हैं। पांच साल में भी पानी की समस्या दूर नहीं हुई है। गुरुवार को क्षेत्र में जनसंपर्क करने पहुंचे सीएम के बेटे कार्तिकेय का भी लोगों ने इसी प्रकार विरोध किया।

लोग बोले पहले क्यों नहीं आए
कार्तिकेय पर जनता जमकर बरसी, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया है। कार्तिकेय मुख्यमंत्री पिता शिवराज के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में जनसंपर्क करने गए थे। यहां ग्रामीणों ने उन्हें सड़क और पानी की समस्या को लेकर घेर लिया। इस दौरान पार्टी समर्थकों ने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वे शांत नहीं हुए। इसके चलते कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में बहस हो गई और दोनों आपस में भिड़ गए। वरिष्ठ नेताओं ने ग्रामीणों को शांत कराया और उनकी सभी समस्याओं को जल्द हल कराने का आश्वासन दिया। जनता के विरोध के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
अन्य नेताओं का भी हो रहा विरोध
भाजपा के अलावा कई क्षेत्रों में कांग्रेस का भी विरोध हो रहा है। इससे दोनों ही प्रमुख पार्टियों का समीकरण गड़बड़ा गया है। कई जगह बागी कांग्रेस और भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी कर रहे हैं। उधर, भाजपा पार्टी का विरोध कर रहे बागियों को पार्टी से निकाल भी चुकी है। भाजपा ने विरोध करने वाले 53 नेताओं को बुधवार को निकाला था। इसके बाद गुरुवार को 11 पार्टी पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई। इसके बाद से विरोध लगातार बढ़ रहा है। उधर, कांग्रेस बागियों को मनाने में जुटी है। अधिकतर बागियों को मना लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications