MP News: ईडी के छापे के बाद पायल मोदी का सनसनीखेज वीडियो, चिराग पासवान और उनके साथियों पर गंभीर आरोप
Bhopal MP news: मध्य प्रदेश में जयश्री गायत्री फूड कंपनी की डायरेक्टर पायल मोदी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के बाद शुक्रवार रात को जहर खा लिया था।
इस घटना के बाद पायल मोदी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस, ईडी और पूर्व कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो अस्पताल में भर्ती पायल के पति किशन मोदी द्वारा जारी किया गया।

पायल मोदी के आरोप
वीडियो में पायल मोदी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कह रही हैं, "इन लोगों ने हमें परेशान कर रखा है। जीना मुश्किल कर दिया है, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हमें न्याय दिलाएं।" पायल ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके परिवार पर लगातार दबाव डाला जा रहा है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा, "मैं क्या करती, कोई चारा ही नहीं बचा था। जब से 2023 में हमारे घर चोरी हुई, हमने जो भी कम्प्लेन की, कोई एक्शन नहीं हुआ। हमें परेशान करना शुरू कर दिया।" पायल ने विशेष रूप से चंद्रप्रकाश पांडे और वेद प्रकाश पांडे का नाम लिया और कहा कि वे लगातार उन्हें और उनके परिवार को तंग कर रहे हैं।
चंद्रप्रकाश पांडे पर गंभीर आरोप
पायल ने आरोप लगाया कि चंद्रप्रकाश पांडे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जीजा हैं, और उनके परिवार के खिलाफ यह सारी परेशानी चंद्रप्रकाश की पूरी टीम ने शुरू की। पायल ने कहा, "चंद्रप्रकाश की पूरी टीम ने हमें परेशान कर रखा है। सुनील त्रिपाठी हमारे यहां से चोरी कर भागा था, इसकी एफआईआर दर्ज कराई, तब से ही हमें परेशान किया जा रहा है। नीतेश पंजाबी, बंटी शर्मा, भगवान सिंह राजपूत सभी लोगों ने हमें परेशान कर दिया है।"
चिराग पासवान के पावर का इस्तेमाल
पायल ने यह भी दावा किया कि सभी आरोपी चिराग पासवान के पावर का इस्तेमाल कर रहे हैं, और उनकी शिकायतों के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ईडी छापे और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई
यह मामला जयश्री गायत्री फूड कंपनी के खिलाफ ईडी के द्वारा की गई छापेमारी से जुड़ा हुआ है। पायल मोदी के पति किशन मोदी का आरोप है कि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के कारण ही उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।पायल मोदी का यह वीडियो उस समय सामने आया है जब वह अस्पताल में भर्ती हैं, और उनके बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
पायल मोदी का दर्द और परिवार की चिंता
पायल ने वीडियो में कहा, "मेरे तीन बच्चे हैं, तीनों छोटे हैं, कुछ नहीं समझते। मुझे लगा था मेरे मरने से सब ठीक हो जाएगा।" वह यह बताते हुए भावुक हो गईं कि उन्हें कई महीनों से मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पायल ने कहा कि पिछले 40 दिनों से उनकी फैक्ट्री बंद पड़ी है, और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं।
धमकियां और परेशानियां
पायल ने आगे कहा, "यह लोग हमारा पीछा करते हैं, धमकाते हैं। कहते हैं चाहे जो कर लो, हमसे आगे नहीं निकल पाओगे। क्या करती मैं, आखिर मुझे लगा मेरे नहीं होने से सब सुधर जाएगा।" पायल का आरोप है कि वेद प्रकाश पांडे और अन्य लोग लगातार उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। पायल ने यह भी कहा कि "हम रेड पड़ने से दो दिन पहले ही वेदप्रकाश से मिले थे, तब लगा था कि अब सब ठीक हो रहा है, लेकिन अगले ही दिन हमें धमकी दी गई और फिर रेड डाल दी गई।"
न्याय की मांग
पायल मोदी ने अंत में कहा, "यह आदमी हमारे पीछे पड़ा है, हमें जीने नहीं दे रहा है। बस न्याय चाहती हूं। सब लोग मिलकर हमें न्याय दिलाएं। हमारी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। इन सब पर कार्रवाई होनी चाहिए।"
इस वीडियो में पायल मोदी की भावनात्मक स्थिति को देखकर उनके परिवार की हालत भी समझी जा सकती है। उनका कहना है कि अब वे केवल न्याय की उम्मीद करती हैं और चाहते हैं कि उन पर हो रहे अत्याचारों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।
चिराग पासवान और उनके परिवार का नाम
सुसाइड नोट के अनुसार, पायल मोदी ने आरोप लगाया है कि चंद्र प्रकाश पांडे और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जीजा-साले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वेद प्रकाश पांडे, जो चंद्र प्रकाश पांडे का सगा भाई है, इन सभी लोग मिलकर पायल मोदी की कंपनियों पर लगातार दबाव डाल रहे थे। पायल ने कहा कि चिराग पासवान की राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल कर इन लोगों ने उनकी कंपनियों पर CGST, FFSI, EOW, और ED के छापे डलवाए हैं।
राजनीतिक दबाव का आरोप
पायल ने आरोप लगाया कि चिराग पासवान और उनके सहयोगियों ने अपनी पॉलिटिकल पावर का गलत इस्तेमाल किया, जिससे उनकी कंपनी को आर्थिक और मानसिक तनाव झेलना पड़ा। पायल के अनुसार, इन छापों के कारण उनकी कंपनी को गंभीर नुकसान हुआ और वह लगातार मानसिक दबाव में थीं।
यह सुसाइड नोट पायल मोदी की मानसिक स्थिति और उनके द्वारा झेले गए अत्याचारों को उजागर करता है। उनके आरोपों के बाद सवाल उठते हैं कि क्या इन छापों और दबावों के पीछे किसी बड़ी राजनीतिक साजिश का हाथ था।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications