अब शिवराज लेकर आए 10 रुपए की थाली, मिलेगा भरपेट खाना
भोपाल। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता की अम्मा कैंटीन और ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक की आहार योजना की तर्ज पर अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी खाने की सस्ती थाली लेकर आ रहे हैं।

शिवराज सिंह राज्य के गरीब लोगों के लिए महज 10 रुपए में भरपेट खाने की थाली देने की एक योजना पर विचार कर रहे हैं। इस थाली में रोटी, सब्जी, दाल, चावल और अचार शामिल होगा।
25 सितंबर को कर सकते हैं योजना की घोषणा
शिवराज ने पचमढ़ी में आयोजित भाजपा के सम्मेलन में सस्ती थाली देने का प्रस्ताव रखा था। माना जा रहा है कि आगामी 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर शिवराज इस योजना का ऐलान कर सकते हैं।
भाजपा से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि शिवराज की यह योजना 2018 में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति का एक हिस्सा है। शुरुआती तौर पर यह योजना भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में लाई जाएगी।
नगर निगम को दी जाएगी जिम्मेदारी
भाजपा नेता ने बताया कि स्थानीय नगर निगम को सरकार के खाद्य विभाग के साथ मिलकर अलग-अलग दुकानों के माध्यम से यह थाली उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सरकार ने सस्ता अनाज देने के लिए अन्नपूर्णा योजना पहले से ही चलाई हुई है। उसी योजना की तर्ज पर गरीबों को सस्ता खाना देने के लिए यह योजना शुरू की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications