नौरादेही के फादर ऑफ टाइगर्स N-2 की मौत, बाघ N-3 से टेरेटरी फाइट में हो गया था घायल
नौरादेही वन्य प्राणी अभयारण्य के जंगलों को बाघों से आबाद करने वाला नौरादेही का किंग और बाघिन राधा का किशन टाइगर एन-2 अब नहीं रहा। नौरादेही रेंज में झापन नदी के पास सुबह पेट्रोलिंग के दौरान वह मृत अवस्था में मिला है। पांच दिन पहले टाइगर टेरेटरी फाइट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका पन्ना के डॉक्टर इलाज कर रहे थे।

नौरादेही प्रबंधन से मिली जानकारी अनुसार नौरादेही रेंज में सुबह जब टीम पेट्रोलिंग कर रही थी, उसी दौरान झापन नदी के पास बाघ एन-2 जमीन पर लेटे हुए दिखा था। हाथी टीम रोजाना उस पर नजर रख रही थी, चूंकी वह घायल था, इस कारण विशेष ध्यान दिया जा रहा था। टीम को काफी समय तक उसके शरीर में हरकत नहीं दिखी तो टीम ने पास जाकर देखा तो नौरादेही का फादर ऑफ टाइगर्स कहलाने वाला यह बाघ दुनिया को अलविदा कह चुका था। टाइगर एन-2 की मौत की जानकारी आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई थी।
Recommended Video

मेहमान बाघ एन-3 से फाइट में हुआ था घायल
नौरादेही में मेहमान बाघ कहलाने वाले एन-3 की बीते दिनों टाइगर एन-2 से जंगल में टेरेटरी को लेकर फाइट हुई थी। जंगल के अंदर काफी लंबी चली फाइट के बाद एन-2 का जबड़ा और आंख के पास का हिस्सा काफी चोटिल हुआ था, उसे गहरे घाव थे। उसके इलाज के लिए पन्ना से डॉक्टरों की टीम आकर हाथी दल के साथ उसका इलाज कर रही थी। बीते रोज ही टीम वापस लौटी और सुबह टाइगर मृत अवस्था में मिला है।
साल 2018 में बांधवगढ़ से लाया गया था
नौरादेही में बाघ पुनर्स्थापन प्रोजेक्ट के तहत साल 2018 में साढ़े तीन साल उम्र के बाघ को प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से नौरादेही में शिफ्ट किया गया था। उसके पहले कान्हा टाइगर रिजर्व से बाघिन को लाया गया था। नौरादेही के स्टाफ ने बाघ-बाघिन की इस जोड़ी को राधा-किशन नाम दिया था। वर्तमान में इनके कुनबे में 15 बाघ शामिल हैं, जबकि एक एन-3 बाघ बाहर से यहां आ गया था।
बाघ एन-2 की मौत हो गई है, पीएम कराया जा रहा है
नौरादेही के बाघ एन-2 जिसे किशन भी कहा जाता है, उसकी मृत्यु हो गई है। सुबह पेट्रोलिंग टीम को वह नौरादेही रेंज में नदी के पास मृत अवस्था में मिला है। जबलपुर-पन्ना और सागर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसका पीएम कर मृत्यु के कारण देखेगी। वैसे वह टाइगर टेरेटरी में काफी घायल हो गया था।
- सेवाराम मलिक, एसडीओ, नौरादेही वन्य प्राणी अभयारण्य, सागर












Click it and Unblock the Notifications