Narsinghpur BJP candidate Prahlad Patel: अपने बेबाक बयान के लिए पहचाने जाने वाले केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने एक बार फिर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा हैं। प्रहलाद एमपी में नरसिंहपुर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी घोषित हैं। उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष किया।
प्रहलाद पटेल जातिगत जनगणना के मुद्दे पर बोले कि 'जिन लोगों को जाति धर्म के बारे में नहीं पता, ऐसे लोग देश में जहर फैलाने का काम कर रहे हैं। लेकिन जनता समझदार है और वास्तविकता जानती हैं। प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा,
"मझे लगता है कि जातिगत जनगणना पर विपक्ष और कांग्रेस की नीयत में खोट है। मैं उसी वर्ग से आता हूं और अभी नहीं जब मंडल कमीशन चरम पर था तब मैंने यह बात कही थी कि मेरी जाति पिछड़ी है, मैं पिछड़ा नहीं हूं।"
उन्होंने कहा कि मैं लोगों से हमेशा कहता हूं कि इतिहास को पलटकर देखो, मुगलों ने और अंग्रेजों ने जिनकों पिछड़ों में डाल रखा है, या उनको ढकेल दिया गया, वो सारी जातियां इस देश पर राज करती रही हैं। लेकिन हमें कारण वो जानने पड़ेंगे कि हम पिछड़े बने कैसे' जिस दिन इसका उत्तर मिलेगा उसी दिन ये सारे तमाशे बंद हो जाएंगे।
प्रहलाद पटेल बोले कि "अगर प्रधानमंत्री की बात करें तो जरा आप नाम बता दीजिए, वर्तमान में जो प्रधानमंत्री हैं, देश नहीं जानता था कि वो पिछड़े हैं कि अगड़े हैं लेकिन आज हमें बताना पड़ रहा है कि वो पिछड़े हैं। हमारे सांसदों और विधायकों की संख्या है देश के भीतर, रिकॉर्ड उठाकर देखिए 27 फीसदी सांसद पिछड़े हैं, 30 फीसदी से ज्यादा विधायक पिछड़े हैं। मुझे लगता है कि भाजपा ने कभी अगड़े-पिछड़ों की बात नहीं की लेकिन नेतृत्व सभी वर्गों को दिया, मुझे इस बात का गर्व है। और आखिर में कहूंगा कि जिस पिछड़ा वर्ग सबसे ज्यादा जरुरत थी वो पीएम मोदी ने ही दिया है।"