सांप की मौत का बदला ! पिता ने नाग को मारा, 24 घंटे में नागिन ने बेटे को डसकर ली जान
सीहोर, 26 अप्रैल। नाग की मौत का बदला नागिन ने लिया। ये अक्सर फिल्मों में देखा होगा या किसी से सुना होगा, मगर मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी इलाके के गांव जोशीपुर के एक परिवार इस तरह के मामले से हकीकत में वास्ता पड़ा है। यहां एक मजदूर ने सांप को मारा तो महज 24 घंटे में ही दूसरे सांप ने उसके बेटे को डस लिया। दावा किया जा रहा है कि वो नाग नागिन का जोड़ा था। नागिन ने नाग की मौत का बदला लिया है।

हुआ यूं कि गांव जोशीपुर निवासी किशोरी लाल मजदूरी करके परिवार पालते हैं। गुरुवार सुबह आठ बजे इनके घर के पास एक सांप निकला। सांप निकलने के बाद उनके घर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उस सांप को मार कर फेंक दिया।
सांप को मारने के बाद लोगों ने परिवार को डरा दिया कि अब नागिन इस मौत का बदला लेगी। ऐसे में पूरा परिवार पूजा पाठ में लग गया। घटना को 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि रात करीब 2 बजे एक दूसरे सांप ने घर में सो रहे किशोरी लाल के बेटे 12 वर्षीय रोहित को डस लिया।
रात में जैसे ही सांप ने उसे डसा तो वह चिल्लाने लगा। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने उस दूसरे सांप को मौके पर ही मार दिया। वहीं, बेटे को इलाज के लिए होशंगाबाद के जिला अस्पताल इलाज के लिए ले गए। वहां डॉक्टर्स ने उसकी हालत देखी और गंभीर होने पर भोपाल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, बेटे की मौत पर किशोरी लाल के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications