MP News: समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन, इस तारीख तक किसान कर सकते हैं पंजीयन
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए अभी तक 35 हजार से किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। जिले में पंजीयन से शेष रहे किसानों के लिए एक और अवसर राज्य शासन द्वारा दिया गया है। ऐसे किसान जिन्होंने अपना पंजीयन नहीं कराया है, वे 9 अप्रैल तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। पूर्व में पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च थी।
कलेक्टर आशीष सिंह ने जिले की सभी समितियों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पंजीयन तिथि वृद्धि की सूचना सभी किसानों तक पहुँचायें।

उन्होंने निर्देश देते हुए कहा है कि, पंजीयन केंद्र के समिति प्रबंधक, ऑपरेटर तथा उपार्जन से संबंधित अमले को पाबंद करें कि कोई भी इच्छुक किसान पंजीयन से शेष न रहे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर पर किया जाये। पंजीयन से शेष रहे किसानों को फोन करके सूचित कर पंजीयन की तिथि 9 अप्रैल तक बढ़ाई गई है कि सूचना देकर पंजीयन करना सुनिश्चित करें। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीयन होना अनिवार्य है।
पंजीयन से शेष और इच्छुक किसान अपने निकटतम गेहूं खरीदी पंजीयन केंद्र पर या एमपी ऑनलाइन कियोस्क तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना पंजीयन कर सकते है। सभी किसानों से अपील की गई है कि वह अपना गेहूं समर्थन मूल्य पर विक्रय करना चाहते हैं, तो अपना पंजीयन समय सीमा में जरूर करायें, जिससे कि, उपज समर्थन मूल्य पर बेचने में कोई असुविधा न हो।
समर्थन मूल्य पर गेहूँ पंजीयन की तिथि बढ़ाई
रबी विपणन वर्ष 2025 -26 समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन हेतु कृषक पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई थी, परन्तु किसान पंजीयन की अवधि बढ़ाकर 9 अप्रैल कर दी गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अरुण तिवारी ने बताया कि जिले में 61 समिति पंजीयन केन्द्र निर्धारित किये गए हैं। इन पंजीयन केन्द्रों पर उपस्थित होकर कृषक बंधु पंजीयन करा सकते हैं।
इसके अलावा पंजीयन केन्द्र पर भीड़ से बचने के लिए कृषक स्वयं के मोबाइल/कम्प्यूटर, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत व तहसील सुविधा केन्द्र, में से किसी भी विकल्प से निःशुल्क अथवा अधिकृत एम.पी. ऑनलाइन, सीएससी, लोकसेवा केन्द्र व निजी साइबर कैफे के माध्यम से 50 रूपये प्रति पंजीयन की दर से सशुल्क ई-उपार्जन पोर्टल http://mpeuparjan.nic.in पर पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने कृषकों से अपील की है कि अपनी गेहूँ की फसल का पंजीयन अंतिम तिथि से पहले अवश्य करा लें।
ये भी पढ़े- MP News: किसानों के लिए खुशखबरी, आधे से ज्यादा बिजली बिल भरेगी सरकार











Click it and Unblock the Notifications