MP Weather: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का MP पर असर, आज से फिर भारी बारिश! जानिए अपने जिले का अपडेट
MP ka Mausam: मध्य प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने एक बार फिर प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश के 35 जिलों में भारी बारिश होगी। इनमें से 7 जिलों में अति भारी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में अवदाब बना था। यह अब गहरे अवदाब में बदल गया है। बंगाल की खाड़ी का मानसूनी सिस्टम ओडिशा से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से की तरफ बढ़ने लगा है। ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों से गुजरती नजर आ रही है। इस वजह से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश एक बार फिर शुरू हो गई है।

मौसम विभाग विभाग के अनुसार, प्रदेश के डिंडौरी, पन्ना, मंडला, अनूपपुर, सतना, कटनी और उमरिया में अति भारी बारिश होने के आसार है। इनके अलावा बड़वानी, झाबुआ, गुना, सीधी, अशोकनगर, शहडोल, विदिशा, मैहर, सीहोर, मऊगंज, श्योपुर, अलीराजपुर, शिवपुरी, रायसेन, रीवा, नर्मदापुरम, छतरपुर, बैतूल, निवाड़ी, पांढुर्णा, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, सागर, सिवनी, दमोह, बालाघाट, जबलपुर और नरसिंहपुर में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों के लोगों को सावधानी के साथ घरों से निकलने की अपील की है। मौसम विभाग ने लोगों से कहा है कि जरूरी हो तो ही घरों से निकलें।
खंडवा जिले में 10 सितंबर से अगले 4 दिन तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के बीच ट्रफ लाइन सक्रिय है। उसकी नमी एमपी में देखने को मिल रही है। यही वजह है कि कहीं हल्की तो कहीं सघन बारिश हो सकती है। आज हवाओं की गति 19 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। खंडवा में इस सीजन में अब तक 810 मिमी बारिश हो चुकी है। यानी औसत बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। जबकि, पिछले साल इस समय तक 552 मिमी बारिश ही हुई थी। पिछले साल के मुकाबले अब तक 258.6 मिमी बारिश अधिक हुई है।












Click it and Unblock the Notifications