"भईया आप क्यों चले गए?", लिपट कर रो पड़ी महिलाएं, शिवराज भी हुए भावुक
मध्य प्रदेश में बीजेपी ने जनादेश प्राप्त कर सरकार बना ली है। उज्जैन दक्षिण सीट से निर्वाचित विधायक मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुना गया है। जबकि जगदीश देवड़ा और राजेश शुक्ला को उपमुख्यमंत्री का पदभार मिला है। लेकिन एमपी की जनता अपने पुराने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को काफी याद कर रही है।
मध्यप्रदेश में शिवराज की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। प्रदेश में बीजेपी की जीत में उनका एक अहम रोल भी रहा है। सरकार में रहते किए गए उनके कामों ने भी पूर्ण बहुमत दिलाने के बहुत मदद की है।

18 साल तक राज्य के सीएम रहे शिवराज को राज्यभर के युवा 'मामा' तो महिलाएं 'भाई' कहती हैं। जनता को उम्मीद थी कि एकबार फिर सीएम की गद्दी पर वो ही बैठेंगे। लेकिन पार्टी ने मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया। जिसके बाद से लगातार राज्य की तमाम महिलाएं शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंच रही हैं।
प्रदेश की महिलाएं शिवराज के सीएम ना बनने पर दुख जता रही हैं। कुछ ऐसा ही नजारा विदिशा में देखने को मिला। जहां महिलाएं शिवराज से लिपटकर रोने लगीं। ये देखकर शिवराज भी अपने आंसू रोक नहीं पाए।
गुरुवार को शिवराज सिंह चौहान विदिशा पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। महिलाएं उनसे लिपटकर रोने लगीं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। शिवराज उन महिलाओं के आंसू पोछते नजर आ रहे हैं। सभी को रोता देख शिवराज भी भावुक हो गए। वीडियो में वो आंसू पोछते दिख रहे हैं। पुरे वाक्ये के दौरान कुछ महिलाएं जोर-जोर से कह रही थीं, "भैया आप क्यों चले गए..., मामा जी वापस आना, अपनी बहनों के लिए वापस आना।"
दरअसल, शिवराज सिंह चौहान ने सीएम रहते राज्य में महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की। इन्हीं में से एक लाडली बहना योजना है। इस योजना का लाभ एमपी की लाखों महिलाओं को मिला। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने सरकार की ओर से 1 हजार रुपए की आर्थिक मदद मिलती है। चुनाव से पहले शिवराज सिंह ने इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपए प्रति माह कर दिया था। एमपी में बीजेपी की प्रचंड जीत के पीछे शिवराज की इस लोकप्रिय योजना भी एक वजह मानी जा रही है।
मोहन यादव मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री
भाजपा ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बिना सीएम फेस का ऐलान किए चुनाव लड़ा था। तीनों राज्यों में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिली है। पार्टी ने एमपी के सत्ता की कमान मोहन यादव के हाथों में दी है। जबकि छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बनाया गया है। एमपी में मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुनने का प्रस्ताव खुद शिवराज सिंह ने रखा था। मोहन यादव लगातार तीन बार उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं।
यह देखें: Ujjain News: मुख्यमंत्री बनते ही मोहन यादव का बड़ा एक्शन, मांस-मछली की दुकानों पर चला दिया बुलडोजर












Click it and Unblock the Notifications