MP News: मऊगंज में पुलिस टीम पर कैसे हुआ हमला, महिला SDOP और SI ने खुद को कमरे में बंद कर बचाई जान
Mauganj MP News: मऊगंज जिले के गड़रा गांव में रविवार को आदिवासी परिवार द्वारा एक युवक को बंधक बनाकर पीटने और बाद में पुलिस टीम पर हमले की घटना ने सनसनी फैला दी।
इस हमले में एक एएसआई की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी और तहसीलदार समेत 10 लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर महिला एसडीओपी और एसआई ने खुद को एक कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। बाद में भारी पुलिस बल पहुंचने पर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

महिला अफसरों ने दिखाया साहस, कमरे में बंद कर बचाई जान
सूत्रों के अनुसार, घटना के दौरान शाहपुर थाना क्षेत्र की एसडीओपी अंकिता शूल्या और एसआई आरती वर्मा को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हो गया था। उन्होंने मौके पर ही एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग की और फिर कमरे में बंद महिला अफसरों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने युवक सनी द्विवेदी का शव भी बाहर निकाला।

एएसआई की मौत, कई अफसर गंभीर घायल
हमले में एसएएफ के एएसआई रामगोविंद गौतम की इलाज के दौरान मौत हो गई। वे 25वीं बटालियन, भोपाल में पदस्थ थे और सतना जिले के पवैया गांव के रहने वाले थे। बताया गया कि वे आठ महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।
घायल शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारती, हनुमना तहसीलदार कुमारे लाल पनका, एएसआई जवाहर सिंह यादव, राम केवट, राम लखन मिश्रा को गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया है।
वहीं, विकास पांडेय, प्रीति यादव, रामवचन यादव, देववती सिंह और एएसआई बृहस्पति पटेल को मऊगंज के सिविल अस्पताल और आशीर्वाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
जमीन विवाद से उपजा तनाव बना हमले की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना एक लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद का परिणाम है। गांव में रहने वाले रजनीश द्विवेदी की जमीन पर अशोक कोल नामक आदिवासी काम करता था। कुछ समय पहले अशोक ने इसी जमीन से सटी हुई भूमि खरीद ली थी, जो द्विवेदी परिवार को नागवार गुजरी।
करीब दो महीने पहले अशोक हनुमना से जमीन की रजिस्ट्री करवा कर लौट रहा था, तभी बाइक दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। अशोक के परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानने से इनकार कर दिया और सनी द्विवेदी व उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने हादसा बताया, परिजनों ने हत्या का आरोप दोहराया
इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दी थी कि अशोक की बाइक भैंस से टकराने से हादसा हुआ था, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि अशोक के परिवार वाले इसे हत्या मान रहे थे और लगातार द्विवेदी परिवार से रंजिश रखते थे।
गांव में धारा 144 लागू, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गड़रा गांव में धारा 144 लागू कर दी गई है। मऊगंज पुलिस अधीक्षक रसना ठाकुर के अनुसार, स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है और हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
मऊगंज पुलिस ने मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एसपी रसना ठाकुर ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नक्सल प्रभावित इलाकों में भी अलर्ट
घटना के बाद आसपास के नक्सल प्रभावित इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी साजिश या अन्य घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त बल अलर्ट पर है।
यह घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जहां पुलिस बचाव के लिए पहुंची थी, वहीं उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।












Click it and Unblock the Notifications