MP News: अटेर के 16 पोलिंग स्टेशन पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप, BJP ने की री-पोलिंग की मांग, EC से शिकायत
MP News: मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त, नई दिल्ली को भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के 16 मतदान केंद्रों पर पुनः मतदान कराए जाने की मांग की है। भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने इस संबंध में मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा है।
भिंड जिले के अटेर से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त को 16 मतदान केंद्रों की सूची भेजकर वहां पुनः मतदान कराए जाने की मांग की है। BJP के एक प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि अटर के 16 पोलिंग स्टेशन पर मतदान में गड़बड़ियां हुई हैं।
17 नवंबर को मध्यप्रदेश विधानसभा के मतदान संपन्न हुए हैं। भिंड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 11,12 खडित, 17, 41 निवारी, 48 बड़पुरा, 49 बड़पुरी, 55, 67, 69, 70, 71 किशुपुरा, 103 मनेपुरा, 169 पीथमपुरा, 170, 171, 211 बीसलपुरा में पदस्थ पीठासीन अधिकारियों और उनके दल द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलीभगत कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।

बूथ कैप्चरिंग का गंभीर आरोप
संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ कैप्चरिंग के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। बीजेपी ने जिसकी शिकायत तत्काल चुनाव आयोग को की, पर समुचित कार्यवाही नहीं हुई। इन शिकायतों पर संबंधित मतदान केंद्रों के पीठासीन अधिकारियों ने भी निराकरण नहीं किया और आम मतदाता को मतदान केंद्र के बाहर ही हतोत्साहित कर मत प्रयोग करने से वंचित रखा गया।
BJP के पास मतदान प्रभावित करना का वीडियो
बीजेपी का कहना है कि यह कार्य लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128, 129, 135 (क) के अंतर्गत आपराधिक कृत्य है व संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। कई मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की कमी रही, शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई। एक मतदान केंद्र में मतदाता द्वारा एक से अधिक बार अपना मत ईवीएम में दर्ज कराया गया, जिसका वीडियो भी है, कई मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों को भी प्रभाव में रखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ कैप्चरिंग की है। ऐसी स्थिति में उक्त सभी मतदान केंद्रों के मतदान को शून्य घोषित कर पुनः मतदान हेतु अधिसूचना जारी की जाए।












Click it and Unblock the Notifications