मंडला में अमित शाह ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथ, कहा- आतंकी करते थे धमाके
MP News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार 11 अप्रैल को मध्य प्रदेश के मंडला पहुंचे। यहां शाह ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथ लिया। शाह ने कहा, 'कांग्रेस के शासन काल में आए दिन आतंकी पाकिस्तान से देश में घुस जाते थे और बम धमाके करते थे...लेकिन कांग्रेस पार्टी कुछ नहीं कर पाती थी।'
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों के घोटाले भी गिनाए। शाह ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, जिसने भी भ्रष्टाचार किया है...जिसने भी चोरी की है, उन्हें जेल जाना पड़ेगा। इतना ही नहीं, केंद्रीय गृहमंत्री ने इंडिया अलायंस को भ्रष्टाचारियों को जमघट बताया।

शाह ने कहा कि जातिवादी और परिवारवादी पार्टियां पीएम मोदी को हराने के लिए इकट्ठे हुईं हैं। कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आधार पर राज किया। लेकिन, पीएम मोदी ने सत्ता संभालने के बाद देश से जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया।
इतना ही नहीं, शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में आए दिन पाकिस्तान से आतंकी देश में घुस जाते थे और धमाके करते थे। लेकिन, कांग्रेस पार्टी कुछ नहीं करती थी। 2014 के बाद आतंकियों ने उरी और पुलवामा में हमला किया। 10 दिन के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर भारत ने पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों को सफाया किया।
शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस वाले कहते हैं कि मध्यप्रदेश-राजस्थान वालों को कश्मीर से क्या लेना-देना। मोदीजी ने 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को खत्म कर कश्मीर को हमेशा के लिए भारत से मिला दिया। वहीं, उन्होंने कहा कि हम देश की अर्थव्यवस्था को दुनियाभर में 5वें नंबर पर लाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications