कौन हैं सुमेर सिंह सोलंकी, जो सबको पछाड़ बन सकते हैं मध्य प्रदेश के CM, आजतक नहीं लड़ा कोई चुनाव
Sumer Singh Solanki: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कौन बनेगा? ये सवाल अभी सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। शिवराज सिंह चौहान से लेकर विधानसभा चुनाव जीतने वाले पूर्व सांसदों समेत कई नाम सीएम रेस में टॉप पर है। इसके साथ ही भाजपा नेतृत्व ने ये भी संकेत दिए हैं कि गैर विधायक को भी मौका मिल सकता है। ऐसे में सीएम रेस में एक नया नाम सामने आया है, वो है राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी का।
रिपोर्ट के मुताबिक शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, वीडी शर्मा, प्रहलाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी का नाम फिलहाल एमपी के लिए सीएम रेस में चल रहा है। सुमेर सिंह सोलंकी का सीएम दावेदारी में नाम आना, कईयों को हैरान कर रहा है...क्योंकि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में आज तक कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। आइए जानें कौन हैं सुमेर सिंह सोलंकी?

who is Sumer Singh Solanki: कौन हैं सुमेर सिंह सोलंकी?
- सुमेर सिंह सोलंकी मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद हैं। सुमेर सिंह सोलंकी प्रदेश में बीजेपी के प्रवक्ता भी हैं।
- सुमेर सिंह सोलंकी का जन्म 1 मई 1972 को हुआ है। सुमेर सिंह सोलंकी भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं और एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। ये मालवा-निमाड़ के रहने वाले हैं।
- सुमेर सिंह सोलंकी राजनीति में प्रवेश करने से पहले मध्य प्रदेश के बड़वानी में इतिहास के प्रोफेसर थे।
- 2020 में राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट में सुमेर सिंह सोलंकी के नाम ने कई लोगों को हैरान कर दिया था। हालांकि बाद में पता चला कि उन्हें आरएसएस की सिफारिशों पर चुना गया था।
- सुमेर सिंह सोलंकी लंबे समय से वनवासी कल्याण परिषद के माध्यम से आदिवासी लोगों के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आज तक कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है।
- अपने सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक पर सुमेर सिंह सोलंकी ने अपनी पहचान राज्यसभा सांसद, प्रदेश प्रवक्ता(भाजपा) और पूर्व प्रोफेसर,राष्ट्रीय नीति एवं शोध प्रभारी STM लिखा है।

सुमेर सिंह सोलंकी को क्यों BJP बनाना चाहती है मध्य प्रदेश का CM?
- सुमेर सिंह सोलंकी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है। इतना ही नहीं संघ से भी उनकी नजदीकी है। सुमेर सिंह सोलंकी लाइमलाइट और तामझाम से दूर रहकर अपने काम करने के लिए जाने जाते हैं।
- सुमेर सिंह सोलंकी मध्य प्रदेश में एक बड़ा आदिवासी चेहरा हैं। सुमेर सिंह सोलंकी एमपी के मालवा-निमाड़ के क्षेत्र से आते हैं। इस क्षेत्र में बीजेपी का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है।
- मध्य प्रदेश में 21 फीसदी आबादी आदिवासियों की है। ऐसे में सुमेर सिंह सोलंकी इस समीकरण में फिट बैठते हैं। इसलिए भाजपा इनके नाम को सीएम बनाने पर गहन विचार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications