Mohan Yadav: एमपी में बीजेपी की 20 साल पुरानी परंपरा कायम, चौथी बार भी नहीं किया समझौता
New MP CM Mohan Yadav: भारतीय जनता पार्टी ने तीन बार के पार्टी विधायक मोहन यादव को मध्य प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री चुनकर सबको चौंका दिया है। बीजेपी ने अपने दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान को पांचवीं बार मौका देने के बजाए नए चेहरे को अवसर देने का फैसला किया है।
बीजेपी के सोमवार के फैसले से एक हफ्ते से ज्यादा तक चली असमंज की स्थिति खत्म हो गई है और भारी बहुमत से जीती बीजेपी की नई सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ है। मोहन यादव का नाम बीजेपी विधायक दल के 163 सदस्यों के बीच तय हुआ है, जिसमें तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक मौजूद थे।

20 साल में बीजेपी के सभी 4 सीएम ओबीसी
साल 2003 से लेकर 2023 तक भाजपा के राज्य में जो अबतक के तीन मुख्यमंत्री हुए हैं- उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान सभी ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) नेता रहे हैं। सोमवार को पार्टी ने चौथे मुख्यमंत्री के रूप में भी ओबीसी नेता मोहन यादव को ही चुना है।
मध्य प्रदेश में ओबीसी की आबादी करीब 48% बताई जाति है और इस तरह से राज्य की करीब आधी जनसंख्या के बीच पार्टी ने अपना एक राजनीतिक जनाधार बनाए रखने की कोशिश की है।
दो-तिहाई से भी ज्यादा बहुमत से जीती है बीजेपी
230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव 17 नवंबर को हुआ था और 3 दिसंबर को नतीजे आए थे। करीब दो दशकों की एंटी-इंकंबेंसी से भी उबरकर भाजपा ने इस बार राज्य में दो-तिहाई से भी ज्यादा बहुमत हासिल किया है और 163 सीटें जीती हैं। जबकि, विपक्षी कांग्रेस 66 सीटों पर ही सिमट चुकी है।
20 साल में तीसरी बार केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नेता चुना गया
इससे पहले बीजेपी ने एमपी में 2005 में नया नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की तैनाती की थी, जब पूर्व सीएम बाबूलाल गौर ने कुर्सी छोड़ी थी। उससे पहले 2004 में जब उमा भारती ने इस्तीफा दिया था, तब भी केंद्रीय पर्यक्षकों की मौजूदगी में बाबूलाल गौर को नेता चुना गया था।
लेकिन, 2005 के बाद बीजेपी ने कभी भी केंद्रीय पर्यक्षकों को इस कार्य के लिए भोपाल नहीं भेजा था। 2008 और 2013 में शिवराज सिंह चौहान ही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बरकरार रहे थे।
शिवराज ने दे दिया था संकेत
सोमवार को शिवराज सिंह चौहान के सीएम पद पर नहीं लौटने की अटकलें खुद उन्हीं के एक पोस्ट से शुरू हुई थी। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी एक हाथ जोड़े हुए तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा था- 'सभी को राम-राम'।
पार्टी का एक छोटा कार्यकर्ता हूं-मोहन यादव
खुद के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद उज्जैन दक्षिण सीट से पार्टी विधायक और चौहान सरकार में मंत्री रहे यादव ने कहा, 'मैं पार्टी का एक छोटा कार्यकर्ता हूं। मैं आप सभी को, प्रदेश नेतृत्व को और केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। आपके प्रेम और समर्थन से मैं अपना उत्तरदायित्व निभाने की कोशिश करूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications